खड़गे का भाजपा पर वार: NFHS-6 रिपोर्ट के बहाने आंकड़े छिपाने का आरोप
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS-6) के हालिया आंकड़ों को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. खड़गे ने आरोप लगाया कि देश में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण की स्थिति को लेकर मोदी सरकार पूरी तरह नाकाम रही है और वह अपनी इस नाकामी को छिपाने के लिए आंकड़ों में हेरफेर कर रही है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी बात रखते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि NFHS-6 के आंकड़ों ने भाजपा सरकार की अक्षमता की पोल खोल दी है. उन्होंने दावा किया कि देश में आज भी हर 5 में से 1 बच्चा गंभीर कुपोषण का शिकार है, जबकि एक तिहाई बच्चे कम वजन के हैं.
खड़गे ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 6 से 23 महीने की उम्र के 84 प्रतिशत से अधिक बच्चों को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पा रहा है. इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि 15 से 49 वर्ष की 57 प्रतिशत महिलाएं खून की कमी से पीड़ित हैं और हर 5 में से 1 महिला कुपोषित है.
कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर अपनी कमियों को छिपाने के लिए 'पांच-चरणीय फॉर्मूला' (फाइव-स्टेप फार्मूला) अपनाने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि सरकार चुनिंदा आंकड़ों को दफन कर देती है, कमजोर वर्गों को उनके हाल पर छोड़ देती है, और 'सबका साथ' तथा 'अमृत काल' जैसे नारों का भारी विज्ञापन करती है. खड़गे के मुताबिक, सरकार का पूरा जोर नैरेटिव को प्रभावित करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पीआर छवि को हर कीमत पर बचाने पर रहता है.
दूसरी तरफ, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए NFHS-6 के इन आंकड़ों को लेकर सरकार का पक्ष अलग है.
मंत्रालय के अनुसार, साल 2023-24 के दौरान देश के 715 जिलों के करीब 6.79 लाख परिवारों में किए गए इस देशव्यापी सर्वेक्षण के नतीजे सकारात्मक हैं.
सरकार का दावा है कि भारत ने बाल स्वास्थ्य संकेतकों, विशेष रूप से टीकाकरण के दायरे और पोषण के स्तर में महत्वपूर्ण सुधार दर्ज किया है और देश सार्वभौमिक टीकाकरण के लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे बढ़ रहा है.