केरल: त्रिशूर में पटाखा यूनिट में भीषण विस्फोट, 13 लोगों की मौत
त्रिशूर । डेस्क: केरल के त्रिशूर में मंगलवार को एक पटाखा निर्माण इकाई में हुए भीषण विस्फोट और आग की घटना में कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए.
यह दुखद हादसा मुंदथिकोड के पास स्थित एक फैसिलिटी में हुआ, जहाँ आगामी 'त्रिशूर पूरम' उत्सव के लिए आतिशबाजी का सामान तैयार किया जा रहा था.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह यूनिट त्रिशूर पूरम के 'तिरुवंबदी' गुट के लिए पटाखे बनाने का काम कर रही थी.
बताया जा रहा है कि 24 अप्रैल को होने वाली सैंपल आतिशबाजी के लिए यहाँ युद्धस्तर पर तैयारी चल रही थी.
अपुष्ट खबरों के मुताबिक, धमाके के वक्त इकाई के भीतर लगभग 40 लोग मौजूद थे, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. उत्सव से ठीक पहले हुए इस बड़े हादसे ने पूरे इलाके में शोक की लहर फैला दी है. File Photo