शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

केजरीवाल का इंस्टाग्राम अकाउंट रिस्ट्रिक्ट, कहा- राजनीतिक दबाव में न झुके कंपनी

C

CG Khabar

06 अग. 2026, 06:46 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

अरविंद केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल

नई दिल्ली । डेस्क: आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया दिग्गज मेटा (Meta) पर गंभीर आरोप लगाए हैं. केजरीवाल का दावा है कि कंपनी ने बिना कोई कारण बताए भारत में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को सीमित (रिस्ट्रिक्ट) कर दिया है. 


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा करते हुए उन्होंने बताया कि मेटा के भारत स्थित कार्यालय से मौखिक पूछताछ करने पर उन्हें जानकारी मिली कि उनका अकाउंट देश में उपलब्ध नहीं है. उन्होंने एक स्क्रीनशॉट भी साझा किया, जिसमें उनके अकाउंट का स्टेटस "कुछ स्थानों में अनुपलब्ध" दिखाई दे रहा था.


केजरीवाल ने मेटा को टैग करते हुए सवाल किया कि उनके अकाउंट पर यह प्रतिबंध किस आधार पर लगाया गया है. उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी का कोई भी अधिकारी इस कार्रवाई का ठोस कारण नहीं बता रहा है और न ही प्रतिबंध हटाने का तरीका स्पष्ट कर रहा है. बार-बार भेजे गए ईमेल पर भी केवल औपचारिक पावती ही मिल रही है. 


इस दौरान केजरीवाल ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसते हुए टेक कंपनियों को राजनीतिक दबाव के आगे न झुकने की सलाह दी.


यह पूरा मामला ऐसे समय में सामने आया है, जब महज एक दिन पहले मेटा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक फेसबुक वीडियो को गलती से रिस्ट्रिक्ट करने के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी. 


मेटा के चीफ ग्लोबल अफेयर्स ऑफिसर जोएल कपलान ने संसदीय समिति के कड़े रुख के बाद इस त्रुटि के लिए खेद व्यक्त किया था और वीडियो को बहाल कर दिया था. केजरीवाल ने इसी त्वरित कार्रवाई का हवाला देते हुए मेटा के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए हैं.


गौरतलब है कि खबर लिखे जाने तक मेटा की ओर से केजरीवाल के इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था. यह विवाद एक बार फिर भारत में टेक कंपनियों के कंटेंट मॉडरेशन और निष्पक्षता पर बहस को तेज कर सकता है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP