कटघोरा: नकाबपोश डकैत आर्टिफिशियल गहने लूटकर ले गये
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा थाना अंतर्गत छुरी इलाके में बुधवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक आभूषण दुकान में ग्राहक बनकर घुसे तीन नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया. हालांकि, दुकान संचालक की बहादुरी और सूझबूझ के आगे बदमाश गच्चा खा गए और असली सोने-चांदी के बजाय आर्टिफिशियल आभूषण लूटकर फरार हो गए.
मिली जानकारी के अनुसार, पिस्टल और चाकू से लैस तीन आरोपी छुरी स्थित एक आभूषण दुकान में पहुंचे. उन्होंने कर्मचारियों से अंगूठी दिखाने को कहा और इसी बहाने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया. इसके बाद आरोपियों ने दुकान में रखे गहने समेटना शुरू कर दिया.
इस पूरी घटना का एक दिलचस्प पहलू यह रहा कि वारदात में शामिल एक आरोपी सलवार-सूट पहनकर महिला के भेष में आया था. चश्मदीदों के मुताबिक, पुरुष आरोपी ने खुद को छिपाने के लिए महिला का लिबास पहना था, जबकि पुलिस इस बात से भी इनकार नहीं कर रही है कि लुटेरों में कोई महिला शामिल हो सकती है. फिलहाल जांच के बाद ही पहचान साफ हो पाएगी.
लूटपाट के दौरान दुकान के मालिक राजकुमार अग्रवाल ने गजब का साहस दिखाया. उन्होंने अकेले ही हथियारबंद लुटेरों का मुकाबला करना शुरू कर दिया. इस हाथापाई के दौरान एक बदमाश ने अग्रवाल के हाथ पर दांत से काट भी लिया. दुकान मालिक के उग्र विरोध और आसपास भीड़ जमा होते देख लुटेरे घबरा गए.
डर के मारे बदमाश अपनी पिस्टल और एक मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकले. भागने की आपाधापी में बदमाशों ने इलाके के एक अन्य दुकानदार पर चाकू से हमला कर उसे घायल भी कर दिया.
घटना के बाद चश्मदीदों ने बताया कि दो आरोपी पैदल ही कोरबा की तरफ भागे, जबकि तीसरा आरोपी छुरी तालाब की ओर निकल गया. सूचना मिलते ही कोरबा के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. एसपी ने बताया कि पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें संदिग्धों के चेहरे साफ नजर आ रहे हैं.
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नाकेबंदी कर आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है.