शादी से मना करने पर दलित महिला की सरेआम हत्या
बेंगलुरू । डेस्क: उत्तर कन्नड़ जिले के येल्लापुर कस्बे में शनिवार (3 जनवरी, 2025) को एक 30 वर्षीय दलित महिला की चाकू मारकर सरेआम हत्या कर दी गई. मृतका की पहचान कलम्मा नगर निवासी रंजीता भानसोडे के रूप में हुई है, जो एक सरकारी स्कूल में मिड-डे मील हेल्पर के तौर पर काम करती थी.
पुलिस के अनुसार, इस जघन्य हत्याकांड का मुख्य आरोपी रफीक इमामसाब रविवार को येल्लापुर के पास एक जंगल में मृत पाया गया.
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रफीक और रंजीता स्कूल के दिनों से दोस्त थे और रफीक लगातार उस पर शादी का दबाव बना रहा था.
रंजीता के इनकार करने पर शनिवार दोपहर जब वह काम से लौट रही थी, तब आरोपी ने सार्वजनिक रूप से उस पर चाकू से हमला कर दिया.
रंजीता पिछले कुछ समय से अपने पति से अलग होकर अपने 10 वर्षीय बेटे के साथ मायके में रह रही थी.
बताया जा रहा है कि आरोपी अक्सर उसके घर भोजन के लिए आता था, लेकिन शादी के प्रस्ताव को लेकर विवाद बढ़ गया था.
इस घटना के बाद इलाके में भारी सांप्रदायिक तनाव फैल गया है. हिंदू संगठनों ने इसे 'लव जिहाद' का मामला बताते हुए रविवार को येल्लापुर बंद का आह्वान किया और पुलिस थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया.
श्री राम सेना के प्रमुख प्रमोद मुथालिक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बी.वाई. विजयेंद्र सहित कई नेताओं ने इस घटना पर तीखी प्रतिक्रिया दी है.
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने पूरे कस्बे में अतिरिक्त बल तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं.