शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

बेलगावी चिड़ियाघर: 3 दिन में 28 कृष्णसार हिरणों की मौत

C

CG Khabar

15 नव. 2025, 02:55 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

काला हिरण
काला हिरण

बेलगावी । डेस्क: कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित कित्तूररानी चेन्नम्मा चिड़ियाघर (Kittur Rani Chennamma Zoo) में एक गंभीर और रहस्यमय घटना सामने आई है. वहां पर पिछले तीन दिनों के भीतर 28 कृष्णसार हिरणों (Blackbucks) की मौत हो गई है. चिड़ियाघर के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआत में दो दिन पहले आठ हिरणों की मौत हुई थी, जिसके बाद शनिवार को 20 और कृष्णसार हिरणों ने दम तोड़ दिया. 


इस चिड़ियाघर में कृष्णसार हिरणों की कुल संख्या 38 थी, जिसमें से 28 की मौत हो चुकी है, जिसने चिड़ियाघर प्रशासन को चिंता में डाल दिया है.


चिड़ियाघर के पशु चिकित्सक ने इस सामूहिक मौत के पीछे किसी बैक्टीरियल संक्रमण की आशंका जताई है. हालांकि, चिकित्सक ने यह भी स्पष्ट किया है कि वास्तविक कारण का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल पाएगा. 


चिड़ियाखाना के अधिकारी नागराज बनसुरी के अनुसार, "हमने मृत हिरणों के विसरा के नमूने जांच के लिए भेजे हैं. रिपोर्ट मिलने के बाद ही मृत्यु का स्पष्ट कारण सामने आ सकेगा."


दुर्लभ कृष्णसार हिरणों की इतनी बड़ी संख्या में मौत की खबर फैलते ही कर्नाटक के वन मंत्री ईश्वर खानद्रे ने तुरंत घटना का संज्ञान लिया और मामले की पूर्ण जांच के आदेश दिए हैं. मंत्री ने प्राथमिक तौर पर माना है कि हिरणों की मौत किसी संक्रमण के कारण हुई है, लेकिन संक्रमण का स्रोत क्या है क्या यह पानी या भोजन से फैला, या किसी पालतू जानवर से आया यह स्पष्ट नहीं है.


मंत्री खानद्रे ने चिड़ियाघर के अन्य प्राणियों को संक्रमण से बचाने के लिए तत्काल एहतियाती उपाय करने का निर्देश दिया है. उन्होंने सुझाव दिया है कि विशेषज्ञों की एक समिति का गठन किया जाना चाहिए जो संक्रमण के मूल कारण की गहन जांच करे. 


उन्होंने भविष्य में ऐसी पशु मृत्यु की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त निगरानी रखने पर भी जोर दिया है. मंत्री ने साफ कर दिया है कि यदि हिरणों की मौत के पीछे चिड़ियाघर के किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी. (File Photo)

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP