कांकेर: SSB हेड कांस्टेबल ने सर्विस राइफल से खुद को मारी गोली
कांकेर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के कैंप में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. 28वीं बटालियन में तैनात हेड कांस्टेबल आनंद प्रकाश तिवारी ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. घटना सुबह करीब 5:00 बजे अंतागढ़ क्षेत्र के कुहचे स्थित एसएसबी कैंप की है.
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले जवान द्वारा यह घातक कदम उठाने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है. कांकेर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही अंतागढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.
पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए हैं. जवान का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है, जिसकी कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि हाल ही में हुई बातचीत से घटना की वजह का सुराग मिल सके. मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और जांच के सिलसिले में उनसे भी पूछताछ की जा सकती है.
गौरतलब है कि राज्य में सुरक्षाबलों के जवानों द्वारा आत्महत्या के मामले पहले भी सामने आते रहे हैं. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, छत्तीसगढ़ में 2025 में अर्धसैनिक बलों के कम से कम चार और 2024 में आठ जवानों ने अपनी जीवनलीला समाप्त की थी. फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.