कांकेर: जंगल में माओवादियों के भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद
कांकेर । संवाददाता: कांकेर जिले के बांदे थाना क्षेत्र में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान बड़ी सफलता हासिल हुई है. 25 अगस्त को कान्हरगांव के जंगलों में चलाए गए एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री और आपत्तिजनक सामान बरामद किया है.
कांकेर के पुलिस अधीक्षक निखिल रखेचा के अनुसार, सुरक्षा बलों को कान्हरगांव के जंगल में माओवादियों की एक बड़ी सबवर्सिव साजिश को नाकाम करने में कामयाबी मिली. बरामद सामग्री में 40 डिटोनेटर और गनपाउडर से भरे दो स्टील टिफिन बम शामिल हैं. इनमें से एक टिफिन बम 10 किलोग्राम और दूसरा 5 किलोग्राम का था.
इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन को डिस्ट्रिक्ट फोर्स, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया. सुरक्षा बलों की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही बरामद विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया, जिससे क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया.
एसपी निखिल रखेचा ने इसे जवानों की एक महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि आने वाले दिनों में कांकेर के जंगल में नक्सल विरोधी अभियानों को और अधिक गति दी जाएगी तथा सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी रहेगा.