रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने राजस्थान HC के CJ पद की शपथ ली

C

CG Khabar

07 सित. 2026, 06:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल
जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल

जयपुर । डेस्क: जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल ने सोमवार को राजस्थान हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की. जयपुर स्थित लोक भवन में आयोजित एक सादे समारोह में राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. इस अवसर पर प्रदेश के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे.


जस्टिस अग्रवाल इससे पहले छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में न्यायाधीश के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम की सिफारिश के बाद राष्ट्रपति द्वारा उन्हें राजस्थान हाईकोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.

विज्ञापन


उल्लेखनीय है कि राजस्थान हाईकोर्ट में स्थायी मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से मांग चल रही थी. हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस संदीप मेहता ने देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को एक पत्र लिखकर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजीव प्रकाश शर्मा के प्रशासनिक कामकाज पर चिंता जताई थी और स्थायी सीजे की नियुक्ति का अनुरोध किया था. 


इसके अलावा जोधपुर वकील संघ ने भी स्थायी मुख्य न्यायाधीश की तैनाती को लेकर लगातार आवाज उठाई थी.


जस्टिस संजय कुमार अग्रवाल का न्यायिक सफर काफी समृद्ध रहा है. वे छत्तीसगढ़ के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं. सितंबर 2013 में उन्हें छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था, जिसके बाद मार्च 2016 में वे स्थायी न्यायाधीश बने. अब वे राजस्थान हाईकोर्ट के प्रशासनिक और न्यायिक प्रमुख के रूप में अपनी नई जिम्मेदारी संभालेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP