वर्ल्ड कप से ठीक मेसी की चोट ने बढ़ाई अर्जेंटीना की टेंशन
नई दिल्ली । डेस्क: लियोनेल मेसी के प्रशंसकों की धड़कनें उस वक्त थम गईं, जब फिलाडेल्फिया यूनियन के खिलाफ मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) के एक मुकाबले में उन्होंने खुद ही सब्सटिट्यूट (मैदान से बाहर जाने) की मांग कर दी. इंटर मियामी के इस मैच के 72वें मिनट में जब 38 वर्षीय मेसी ने अपने बाएं पैर के पिछले हिस्से को छूते हुए बाहर जाने का इशारा किया, तो आगामी फीफा वर्ल्ड कप में उनकी भागीदारी को लेकर अटकलें तेज हो गईं.
हालांकि इस मैच में मियामी ने 6-4 से शानदार जीत दर्ज की, लेकिन जीत की खुशी से ज्यादा चर्चा मेसी की फिटनेस को लेकर हो रही है. अर्जेंटीना को ठीक तीन हफ्ते बाद अपने वर्ल्ड कप खिताब की रक्षा के लिए अभियान शुरू करना है, ऐसे में कप्तान की फिटनेस को लेकर आई यह चिंता टीम के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकती है.
मैच के दौरान दो असिस्ट करने के बाद मेसी मैदान के बीच में खड़े हो गए और मियामी खेमे की तरफ इशारा किया. जब वह 73वें मिनट में माटेओ सिल्वेटी के स्थान पर बाहर आए, तो वह सीधे ड्रेसिंग रूम की तरफ चले गए.
टनल के कैमरों में उन्हें बिना किसी सहारे के चलते हुए देखा गया, लेकिन उनकी गति काफी धीमी थी और उनके चेहरे पर चिंता के भाव साफ झलक रहे थे.
आमतौर पर पिछले एक महीने से पूरे 90 मिनट खेलने वाले मेसी का इस तरह अचानक बाहर जाना और बेंच पर बैठने के बजाय सीधे अंदर चले जाना प्रशंसकों के मन में कई सवाल खड़े कर रहा है.
इंटर मियामी के कोच गुइलेर्मो होयोस ने मैच के बाद स्थिति को संभालते हुए कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि मेसी चोटिल हैं. उन्होंने इसे एक एहतियाती कदम बताते हुए पिच की स्थिति और थकान को इसकी वजह बताया.
कोच ने साफ किया कि टीम कोई जोखिम नहीं लेना चाहती थी और जल्द ही उनकी मेडिकल रिपोर्ट सामने आएगी. वहीं उनके साथी खिलाड़ी सिल्वेटी ने भी मेसी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है. दिलचस्प बात यह है कि क्लब ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लुइस सुआरेज की हैट्रिक का जश्न तो मनाया, लेकिन मेसी के बाहर जाने का कोई जिक्र नहीं किया.
अर्जेण्टीना को 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ अपने वर्ल्ड कप अभियान की शुरुआत करनी है. मेसी पहले ही कह चुके हैं कि वह पूरी तरह फिट होने पर ही खेलेंगे.
ऐसे में उनके छठे वर्ल्ड कप रिकॉर्ड की उम्मीदें अब उनकी मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी हैं. फिलहाल एमएलएस में सात हफ्ते का ब्रेक है, जिससे मेसी को रिकवर होने का समय मिल सकता है. फुटबॉल जगत यही दुआ कर रहा है कि यह केवल सामान्य थकान हो, ताकि दुनिया का यह महान खिलाड़ी एक बार फिर वर्ल्ड कप के मंच पर जादू बिखेर सके.