शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जोधपुर: गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग से तंग आकर दो सगी बहनों ने की आत्महत्या

C

CG Khabar

17 मई 2026, 08:01 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गैंगरेप
गैंगरेप

जोधपुर । डेस्क: राजस्थान के जोधपुर में चार साल तक लगातार गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग का शिकार होने के बाद दो सगी बहनों ने आत्महत्या कर ली. पहले मार्च महीने में बड़ी बहन ने मौत को गले लगाया था, और अब उसके ठीक दो महीने बाद शुक्रवार को छोटी बहन का शव भी बरामद हुआ है. इस दोहरे सुसाइड के बाद इलाके के एक गाँव में भारी तनाव और आक्रोश का माहौल है. आक्रोशित ग्रामीणों ने स्थानीय थाने का घेराव कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की.


पीड़ित परिवार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, यह प्रताड़ना पिछले चार साल से चल रही थी. आरोप है कि स्थानीय 'ई-मित्र' सर्विस सेंटर के एक कर्मचारी ने चुपके से बड़ी बहन का एक आपत्तिजनक वीडियो बना लिया था. 


इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर वह और उसके साथी लगातार बड़ी बहन के साथ सामूहिक दुष्कर्म करते रहे और उसे ब्लैकमेल कर पैसे वसूलते रहे.


परिवार का आरोप है कि इस मामले को लेकर जब वे पुलिस के पास गए, तो पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और कोई सहयोग नहीं किया. न्याय न मिलने से हताश होकर बड़ी बहन ने बीती 20 मार्च को आत्महत्या कर ली थी. 


बड़ी बहन की मौत के बाद छोटी बहन ने न्याय के लिए पुलिस का दरवाजा खटखटाया और आठ लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर (FIR) दर्ज कराई. उसने पुलिस को चेतावनी भी दी थी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई, तो वह थाने के सामने जान दे देगी.


एफआईआर दर्ज होने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया, जिससे शह पाकर आरोपियों ने पीड़ित परिवार को लगातार धमकियाँ देना शुरू कर दिया. आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने छोटी बहन को भी अपनी हवस का शिकार बनाया और उसका वीडियो बनाकर उसे भी ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. 


अंततः मानसिक प्रताड़ना और पुलिस की कथित निष्क्रियता से तंग आकर शुक्रवार को छोटी बहन ने भी जहर खाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. इस घटना ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP