जशपुर: प्रेम प्रसंग के विवाद में युवक की हत्या
जशपुर । संवाददाता: जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना अंतर्गत ग्राम जामजूनवानी के खारापारा में आपसी रंजिश और प्रेम प्रसंग के चलते एक 34 वर्षीय युवक की बेरहमी से जान ले ली गई. हमलावरों ने युवक को जमीन पर गिराकर भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात में शामिल एक ही परिवार के तीन सदस्यों को दबोच लिया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है.
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान जामजूनवानी निवासी सुशील खलखो (34 वर्ष) के रूप में हुई है. वहीं, पकड़े गए आरोपियों में जयलाल एक्का (34 वर्ष), जयमन एक्का (36 वर्ष) और एक 17 वर्षीय किशोर है, जो आपस में पिता, पुत्र और चाचा बताए जा रहे हैं. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए पत्थर को भी बरामद कर लिया है.
पुलिसिया तफ्तीश में यह बात निकलकर सामने आई कि मृतक सुशील खलखो और मुख्य आरोपी जयलाल एक्का की पत्नी के बीच पिछले 3-4 सालों से प्रेम संबंध थे. इस पुरानी कड़वाहट को लेकर पहले भी कानूनी विवाद हुआ था, जिसके चलते सुशील को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी. वह करीब डेढ़ महीने पहले ही जमानत पर रिहा होकर वापस लौटा था.
जेल से आने के बाद भी दोनों के बीच बातचीत बंद नहीं हुई थी. हाल ही में सामाजिक स्तर पर हुई एक पंचायत के बाद परिस्थितियों को देखते हुए महिला को सुशील के साथ रहने की इजाजत दे दी गई थी. समाज के इस फैसले को आरोपी परिवार पचा नहीं पा रहा था और उनके भीतर लगातार गुस्सा पनप रहा था.
घटना की रात करीब 11 बजे आरोपियों ने सुशील को रास्ते में घेर लिया. चश्मदीद जानकी लकड़ा (35 वर्ष) ने बताया कि बाहर शोर-शराबा सुनकर जब वह घर से निकली, तो उसने देखा कि तीनों आरोपी मिलकर सुशील के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे थे.
इसी बीच उन्होंने सुशील को जमीन पर पटक दिया और पास ही पड़े एक बड़े पत्थर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे की अगुवाई में पुलिस टीम ने त्वरित एक्शन लेते हुए फरार आरोपियों को हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत केस दर्ज किया है.