जशपुर: घर की बाड़ी से 40 गांजे के पौधे जब्त
जशपुर । संवाददाता: जशपुर जिले की लोदाम पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन आघात” के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने ग्राम खिखिर टोली में छापेमारी कर एक घर की बाड़ी से भारी मात्रा में अवैध गांजे के पौधे बरामद किए हैं. इस मामले में पुलिस ने एक 58 वर्षीय अधेड़ को गिरफ्तार किया है, जो अपने घर के आंगन में छिपाकर मादक पदार्थों की खेती कर रहा था.
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि खिखिर टोली निवासी विजय सिंह अपनी बाड़ी में अवैध रूप से गांजे की फसल उगा रहा है. इस सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में एफएसएल (FSL) टीम और गवाहों के साथ तत्काल आरोपी के घर पर दबिश दी गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बाड़ी से कुल 40 पौधे उखाड़कर जब्त किए, जिनमें 4 फीट से अधिक ऊंचे 18 बड़े पौधे और 22 छोटे पौधे शामिल थे.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, जब्त किए गए इन पौधों का कुल वजन 3 किलोग्राम 646 ग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 82 हजार 300 रुपए तय की गई है.
आरोपी ने इन पौधों को बाहरी नजरों से बचाने के लिए चारों तरफ प्लास्टिक की नेट और साड़ियों से घेरकर छुपा रखा था. पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है, जिसके बाद उसके खिलाफ लोदाम थाने में एनडीपीएस (NDPS) एक्ट की धारा 20(A) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
डीआईजी और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में जशपुर पुलिस इन दिनों अवैध नशे के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए मुस्तैद है. मामले की पुष्टि करते हुए एसएसपी ने साफ लफ्जों में चेतावनी दी है कि जिले के भीतर किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के अवैध व्यापार को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.