जापान ने बनाया विश्व का सबसे तेज़ इंटरनेट
नई दिल्ली । डेस्क: जापान ने इंटरनेट की दुनिया में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. जिसमें 1.02 पेटाबिट प्रति सेकंड (Pbps) की अभूतपूर्व डेटा ट्रांसमिशन गति हासिल की गई है. यह गति इतनी तेज़ है कि आप नेटफ्लिक्स की पूरी लाइब्रेरी या अंग्रेजी विकिपीडिया को महज एक सेकंड में डाउनलोड कर सकते हैं.
जापान के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ इन्फॉर्मेशन एंड कम्युनिकेशंस टेक्नोलॉजी (NICT) ने इस उपलब्धि को हासिल किया है. यह गति भारत की औसत इंटरनेट स्पीड (63.55 Mbps) से लगभग 1.6 करोड़ गुना तेज़ है और अमरीका की औसत गति से करीब 35 लाख गुना अधिक है. इस प्रयोग में NICT ने सुमितोमो इलेक्ट्रिक और यूरोपीय शोधकर्ताओं के साथ मिलकर काम किया.
इस रिकॉर्ड के लिये 19 कोर वाली एक विशेष ऑप्टिकल फाइबर केबल का उपयोग किया गया, जिसका व्यास मौजूदा केबलों (0.125 मिमी) जितना ही था. डेटा सिग्नल को 86.1 किलोमीटर लंबे 19 केबल लूप्स के माध्यम से 21 बार भेजा गया, जिससे कुल 1,808 किलोमीटर की दूरी तय हुई. इस दौरान 180 डेटा स्ट्रीम्स को एक साथ प्रबंधित करते हुये 1.86 एक्साबिट प्रति सेकंड प्रति किलोमीटर की दर हासिल की गई.
NICT के अनुसार, यह तकनीक मौजूदा केबल ढांचे का उपयोग करके हासिल की गई है, जिसका मतलब है कि इसे लागू करने के लिए बड़े पैमाने पर बुनियादी ढांचे में बदलाव की जरूरत नहीं है. इस गति से 100 जीबी डेटा, जैसे कि अंग्रेजी विकिपीडिया, को एक सेकंड में 10,000 बार डाउनलोड किया जा सकता है. साथ ही, 8K रिज़ॉल्यूशन वाले वीडियो को तुरंत डाउनलोड करना संभव होगा.
यह तकनीक स्ट्रीमिंग, क्लाउड कंप्यूटिंग और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे डेटा-भारी अनुप्रयोगों की बढ़ती मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है. हालांकि, इसे आम जनता के लिए कब उपलब्ध कराया जायेगा, इस बारे में कोई समय सीमा नहीं बताई गई है.