शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

जांजगीर-चांपा: नशे के लिए दो नाबालिगों ने चौकीदार की चाकू घोंपकर की हत्या

C

CG Khabar

03 अग. 2026, 01:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

चाकू से हत्या
चाकू से हत्या

जांजागीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में दो नाबालिगों ने लिफ्ट देने वाले एक अधेड़ की बर्बरता से हत्या कर दी. नशे की लत को पूरा करने के लिए पैसे लूटने की नीयत से इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. पूरी घटना शहर के बीचों-बीच लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसके आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपी नाबालिगों को पकड़ लिया है और उनके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.


यह सनसनीखेज घटना रविवार की रात चांपा रोड पर घटी. खोखरा गांव के रहने वाले 52 वर्षीय राधेश्याम सूर्यवंशी कुलीपोटा स्थित एक कबाड़ी दुकान में चौकीदार की नौकरी करते थे. रात लगभग साढ़े नौ बजे वे हमेशा की तरह अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जाने के लिए निकले थे. 

विज्ञापन


कचहरी चौक के पास दो नाबालिगों ने आगे तक जाने का हवाला देकर उनसे लिफ्ट मांगी. राधेश्याम ने मदद के नाते उन्हें अपनी बाइक पर बैठा लिया, लेकिन उन्हें इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि पीछे बैठे लड़के ही उनकी मौत का सबब बनने वाले हैं.


मेगा मार्ट के करीब पहुँचते ही चलती बाइक पर पीछे बैठे लड़कों ने राधेश्याम से रुपए छीनने का प्रयास किया. जब उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया और गाड़ी रोक दी, तो बौखलाए नाबालिगों ने उन पर चाकू जैसे धारदार हथियार से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए. 


लहूलुहान होकर राधेश्याम सड़क पर ही गिर पड़े, जिसके बाद दोनों आरोपी मौके से रफूचक्कर हो गए. राहगीरों की मदद से उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.


वारदात की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर जांच शुरू की. पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों का सुराग मिला और कुछ ही घंटों के भीतर दोनों को हिरासत में ले लिया गया. 


पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी नशा करने के आदी हैं और नशे की आपूर्ति के लिए ही उन्होंने लूटपाट की योजना बनाई थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP