जांजगीर-चांपा: आकाशीय बिजली से 3 ग्रामीणों की मौत और 4 झुलसे
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले स्थित महुदा क्षेत्र में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार अन्य ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के समय सभी लोग रोज की तरह अपनी सब्जी बाड़ी में काम में व्यस्त थे. राज्य में मौसम के मिजाज में आए अचानक बदलाव के चलते तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश के साथ आकाशीय बिजली का प्रकोप बढ़ गया है.
हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बाड़ी में मौजूद ग्रामीणों को संभलने या सुरक्षित स्थान पर भागने का मौका तक नहीं मिला. अचानक काले बादलों के छाने के साथ ही कड़कड़ाती हुई बिजली सीधे उन पर आ गिरी.
धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों से दौड़े ग्रामीणों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया. आनन-फानन में सभी चारों झुलसे हुए लोगों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका गहन उपचार चल रहा है. स्थानीय प्रशासनिक टीम को मामले की सूचना दे दी गई है और अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति तथा नुकसान का जायजा ले रहे हैं.