शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

जगदलपुर: धुरगुड़ा प्रयास आवासीय विद्यालय में चरमराई व्यवस्था

C

CG Khabar

24 जुल. 2026, 08:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

छात्र
छात्र

जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में स्थित धुरगुड़ा प्रयास आवासीय विद्यालय की चरमराई व्यवस्थाओं और प्रबंधन के तानाशाही रवैये से परेशान होकर सैकड़ों स्कूली छात्र सड़कों पर उतर आए. आक्रोशित विद्यार्थियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर स्कूल और हॉस्टल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासन को अपनी समस्याओं से अवगत कराया.


छात्रों का गंभीर आरोप है कि हॉस्टल में उन्हें कीड़े-युक्त भोजन और दूषित पानी दिया जा रहा है, जिससे कई बच्चे बीमार पड़ रहे हैं. इतना ही नहीं, हर दो महीने में शिक्षकों को हटा दिए जाने से उनकी पढ़ाई पूरी तरह से प्रभावित हो रही है. 


बच्चों ने बताया कि स्कूल में बिजली बिल का बहाना बनाकर पंखे और लाइट बंद करवा दिए जाते हैं. जब वे इसकी शिकायत प्रिंसिपल से करते हैं, तो उन्हें विद्यालय से निकालने और टीसी (TC) थमाने की धमकियां दी जाती हैं.


अचानक कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्रों के हंगामे से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया. 


मौके पर पहुंचे जगदलपुर एसडीएम मनीष वर्मा ने छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आश्वस्त किया कि एक सप्ताह के भीतर सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा. 


एसडीएम ने यह भी वादा किया कि वे खुद हर हफ्ते विद्यालय का निरीक्षण करेंगे. 


वहीं, छात्रों की मांग पर विद्यालय की कोऑर्डिनेटर की कार्यप्रणाली की जांच कराने और दोषी पाए जाने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया, जिसके बाद छात्र वापस लौटने को राजी हुए.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP