जगदलपुर: स्टेशनरी दुकान में लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख
जगदलपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के अनुपमा चौक में सोमवार रात एक बुक डिपो भीषण आग की चपेट में आ गया. किताबों, कॉपियों और स्टेशनरी के भारी स्टॉक की वजह से कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते चारों तरफ धुएं का घना गुबार छा गया.
हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक होने की आशंका जताई जा रही है.
आग इतनी भयावह थी कि दमकल कर्मियों को अंदर दाखिल होने में काफी मशक्कत करनी पड़ी. शटर बंद होने और भीतर से उठती लपटों के कारण फायर ब्रिगेड को तुरंत जेसीबी मशीन की मदद से दुकान का शटर तोड़ना पड़ा.
इसके बाद ही दमकल और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने 2 से 3 दमकल गाड़ियों की मदद से पानी की बौछारें कर कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पाया.
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सहित पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य की कमान संभाली.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है, हालांकि प्राथमिक दृष्टि में शॉर्ट सर्किट को इसकी वजह माना जा रहा है. फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और नुकसान का सही आकलन जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा.