ISRO ने 'बाहुबली' रॉकेट से लॉन्च किया अमेरिका का भारी सैटेलाइट
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने क्रिसमस के मौके पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. बुधवार सुबह श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से भारत के सबसे भारी रॉकेट LVM3-M6 (बाहुबली) के जरिए अमेरिकी संचार उपग्रह 'BlueBird Block-2' को सफलतापूर्वक कक्षा में स्थापित किया गया. 6,100 किलोग्राम वजनी यह सैटेलाइट अब तक भारतीय धरती से लो अर्थ ऑर्बिट (LEO) में भेजा गया सबसे भारी पेलोड है.
यह मिशन ISRO की वाणिज्यिक शाखा 'न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड' (NSIL) और अमेरिकी कंपनी AST SpaceMobile के बीच एक समझौते के तहत पूरा हुआ. ISRO चेयरमैन वी. नारायणन ने इसे "टेक्स्टबुक लॉन्च" करार देते हुए देश को क्रिसमस और नए साल का उपहार बताया.
यह उपग्रह दुनिया भर में सीधे स्मार्टफोन पर 4G और 5G कनेक्टिविटी प्रदान करने वाली वैश्विक श्रृंखला का हिस्सा है. इस सफल मिशन के साथ ही LVM3 रॉकेट ने अपनी 100% सफलता दर बरकरार रखी है और भारत द्वारा लॉन्च किए गए विदेशी उपग्रहों की कुल संख्या 434 तक पहुंच गई है.
चेयरमैन ने यह भी संकेत दिया कि आगामी हफ्तों में भारतीय स्टार्टअप्स और गगनयान मिशन से जुड़ी और भी महत्वपूर्ण गतिविधियाँ देखने को मिलेंगी.