सबसे छोटा रेलवे स्टेशन: ओडिशा में बांसपानी, सिर्फ 200 मीटर !
नई दिल्ली । डेस्क: भारतीय रेलवे दुनिया के सबसे बड़े रेल नेटवर्क में से एक है, जो देश भर में फैले 7,461 रेलवे स्टेशनों का संचालन करता है. इनमें विश्व के कुछ सबसे बड़े और व्यस्त स्टेशन शामिल हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत का सबसे छोटा रेलवे स्टेशन केवल 200 मीटर लंबा है और इसमें सिर्फ एक प्लेटफॉर्म है, जहां लंबी एक्सप्रेस ट्रेनें रुक भी नहीं सकतीं?
ओडिशा का बांसपानी रेलवे स्टेशन
ओडिशा के क्योंझर जिले में स्थित बांसपानी रेलवे स्टेशन को भारत का सबसे छोटा रेलवे स्टेशन माना जाता है. इसका एकमात्र प्लेटफॉर्म सिर्फ 200 मीटर लंबा है (कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार 140 मीटर). यह स्टेशन मुख्य रूप से स्थानीय यात्रियों की जरूरतों को पूरा करता है और सीमित ट्रेन सेवाएं प्रदान करता है. हालांकि, इसका असली महत्व खनिज संपदा, खासकर लौह अयस्क जैसे संसाधनों के परिवहन में है. रिपोर्ट्स के अनुसार, जरौली रेलवे स्टेशन के बाद बांसपानी भारत में लौह अयस्क लोडिंग का दूसरा सबसे बड़ा स्टेशन है. इसका स्टेशन कोड BSPX है.
इस स्टेशन से केवल चार यात्री ट्रेनें गुजरती हैं-
बरबिल-पुरी-बरबिल इंडियन क्लास इंटरसिटी एक्सप्रेस
ब्रह्मपुर-टाटानगर बंदे भारत एक्सप्रेस
पुरी-आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस
विशाखापट्टनम-टाटानगर-विशाखापट्टनम साप्ताहिक लेट एक्सप्रेस
इन ट्रेनों का रुकना इसकी छोटी प्लेटफॉर्म लंबाई के कारण सीमित है.
मिजोरम: एकमात्र रेलवे स्टेशन वाला राज्य
भारत में सबसे ज्यादा रेलवे स्टेशन उत्तर प्रदेश में हैं (1,173), इसके बाद महाराष्ट्र (689), बिहार (768), मध्य प्रदेश (550) और गुजरात (509) का स्थान है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भारत का एक राज्य ऐसा है जहां केवल एक रेलवे स्टेशन है?
उत्तर-पूर्व भारत में मिजोरम, देश का एकमात्र राज्य है जहां सिर्फ एक रेलवे स्टेशन, बैराबी रेलवे स्टेशन, संचालित होता है. इसका स्टेशन कोड BHRB है और यह तीन प्लेटफॉर्म के साथ मिजोरम की 12.25 लाख आबादी की सेवा करता है.
कोलासिब जिले में स्थित यह स्टेशन 84.25 किलोमीटर लंबी ब्रॉड-गेज रेल लाइन से जुड़ा है, जो कटाखाल जंक्शन को बैराबी से जोड़ती है. यह रेल लाइन मार्च 2016 में पूरी हुई थी. मिजोरम की राजधानी आइजोल से 90 किलोमीटर दूर स्थित इस स्टेशन में चार ट्रेन ट्रैक हैं और 2016 में इसे आधुनिक सुविधाओं के साथ नवीनीकृत किया गया था.