शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भारत की कच्चे तेल, LPG के आयात पर निर्भरता बढ़ी- कांग्रेस

C

CG Khabar

27 मार्च 2026, 11:07 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जयराम रमेश
जयराम रमेश

नई दिल्ली । डेस्क: ऊर्जा सुरक्षा और ईंधन की आपूर्ति को लेकर देश में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि 'आत्मनिर्भरता' के दावों के विपरीत पिछले एक दशक में भारत की कच्चे तेल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस के आयात पर निर्भरता काफी बढ़ गई है. 


कांग्रेस ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2014-15 से 2024-25 के बीच कच्चे तेल का आयात 84% से बढ़कर 90% और एलपीजी का आयात 46% से बढ़कर 62% हो गया है. 


विपक्ष ने कृष्णा-गोदावरी बेसिन में गैस भंडार की पुरानी घोषणाओं को लेकर भी सरकार को घेरा है.



दूसरी ओर, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच देश के कई हिस्सों में पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भीड़ और एलपीजी की कथित किल्लत की खबरों को केंद्र सरकार ने 'भ्रामक' करार दिया है. 

पेट्रोलियम मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि देश के पास 60 दिनों का तेल भंडार और एक महीने की एलपीजी आपूर्ति सुरक्षित है. 


प्रधानमंत्री मोदी ने भी ऊर्जा सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए कहा है कि भारत ने अपने आयात स्रोतों का दायरा 27 से बढ़ाकर 41 देशों तक कर लिया है ताकि आपूर्ति बाधित न हो. इस बीच, प्रधानमंत्री आज मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर पश्चिम एशिया संकट के मद्देनजर राज्यों की तैयारियों की समीक्षा करेंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP