टोरंटो में भारतीय मूल के आईटी प्रोफेशनल की गोली मारकर हत्या
टोरंटो । डेस्क: कनाडा के टोरंटो में एक दिल दहला देने वाली वारदात में 37 वर्षीय भारतीय-कनाडाई नागरिक की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी. टोरंटो पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार दोपहर को व्यस्त वुडबाइन शॉपिंग सेंटर के पार्किंग लॉट में हुई.
मृतक की पहचान चंदन कुमार राजा नंदकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से भारत के कर्नाटक के रहने वाले थे और ब्रैम्पटन में एक आईटी प्रोफेशनल के रूप में कार्यरत थे. यह इस साल टोरंटो में हुई हत्या की तीसरी घटना है.
पुलिस को दोपहर करीब 3:31 बजे गोलीबारी की सूचना मिली थी. जब अधिकारी मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने नंदकुमार को गंभीर हालत में पाया. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया.
चश्मदीदों और स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटनास्थल पर खड़ी एक सफेद एसयूवी के विंडशील्ड और ड्राइवर की खिड़की पर गोलियों के निशान देखे गए हैं.
जांच अधिकारियों का मानना है कि यह एक 'टारगेटेड' हमला था, यानी हमलावर खास तौर पर नंदकुमार को ही निशाना बनाने आए थे.
वारदात के तुरंत बाद संदिग्ध एक वाहन में सवार होकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है.
फिलहाल इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है. इंस्पेक्टर एरोल वॉटसन ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और गवाहों से पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों की संख्या और हमले के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके.