पाकिस्तान के कई ठिकानों पर भारत ने की जवाबी कार्रवाई
नई दिल्ली | डेस्क: भारत ने पाकिस्तान के हमलों का मुंहतोड़ जवाब दिया है. भारतीय सेना ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए कहा है कि पाकिस्तान ने कई इलाकों में घुसपैठ की कोशिश की.
विदेश सचिव विक्रम मिसरी के साथ भारतीय थल सेना की कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी और भारतीय वायु सेना की विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने शनिवार को प्रेस ब्रीफ़िंग की.
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा, "पाकिस्तान की गतिविधियां लगातार उकसाने वाली रही हैं. जवाब में भारत ने इन उकसाऊ हरकतों का जवाब दिया है."
कर्नल सोफ़िया क़ुरैशी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने पूरे पश्चिमी मोर्चे पर आक्रामक गतिविधियां जारी रखी हैं. नियंत्रण रेखा पर ड्रोन घुसपैठ और भारी हथियारों से गोलीबारी की गई है. श्रीनगर से नलिया तक 26 जगहों पर हवाई घुसपैठ की कोशिश की गई जिनमें से अधिकतर को नाकाम कर दिया गया.
सोफ़िया क़ुरैशी के अनुसार पंजाब के सैन्य अड्डे पर रात एक बजकर 40 मिनट पर हाई स्पीड मिसाइल दागी गई जिसे भारत ने निष्क्रिय कर दिया.
उन्होंने बताया, "पाकिस्तान द्वारा सैन्य ठिकानों को जानबूझकर निशाना बनाने के बाद भारतीय सशस्त्र बलों ने सुनियोजित तरीके से जवाबी हमले किए. टेक्निकल इंस्टॉलेशंस, कमांड एंड कंट्रोल स्टेशन, रडार साइट्स और हथियार भंडार को चुनकर निशाना बनाया गया."
"रफीकी, मुरीद, चकलाला, रहीमयार खान, सुक्कुर और चुनिया में स्थित पाक सैन्य ठिकानों पर सटीक हथियारों और लड़ाकू जेट से प्रहार किए गए."
कर्नल क़ुरैशी ने बताया कि भारत ने पाकिस्तान के पसरूर में स्थित रडार साइट और सियालकोट के एविएशन बेस को भी निशाना बनाया.
कर्नल क़ुरैशी ने कहा कि इन सभी जवाबी कार्रवाइयों के लिए यह भी सुनिश्चित किया कि आम लोगों को कम से कम नुक़सान हो.