नेपाल चुनाव के लिये भारत ने 60 वाहन दिये, कुल 650 देने का वादा
काठमांडू । डेस्क: भारत ने नेपाल को आगामी संसदीय चुनावों की तैयारी के लिए चुनाव-संबंधी सहायता की पहली खेप सौंपी है. सोमवार को काठमांडू स्थित गृह मंत्रालय में आयोजित एक समारोह में 60 से अधिक डबल-कैब पिकअप वाहन और अन्य सामग्री नेपाल को प्रदान की गई.
यह सहायता नेपाल सरकार के अनुरोध पर दी गई है. भारतीय दूतावास के चार्ज डी'अफेयर्स राकेश पांडे ने इन वाहनों को नेपाल के गृह मंत्री ओम प्रकाश अर्याल को सौंपा.
गृह मंत्री अर्याल ने भारत का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सहायता दोनों पड़ोसी देशों के बीच गहरे विश्वास और मित्रता को दर्शाती है. उन्होंने नेपाल की चुनावी प्रक्रिया में भारत के निरंतर समर्थन की सराहना की.
भारतीय दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह सहायता नेपाल द्वारा मांगी गई बड़ी पैकेज का हिस्सा है. भारत 2008 से नेपाल को चुनाव-संबंधी सहायता प्रदान कर रहा है, जिसमें अब तक विभिन्न नेपाली मंत्रालयों, विभागों और चुनाव आयोग को लगभग 2,400 वाहन उपहार में दिए जा चुके हैं.
आगामी 5 मार्च 2026 को होने वाले संसदीय चुनावों के लिए भारत ने कुल लगभग 650 वाहन प्रदान करने का वादा किया है, जिन्हें आने वाले हफ्तों में सौंपा जाएगा.
दूतावास ने कहा कि यह सहयोग भारत-नेपाल के बीच व्यापक विकास साझेदारी को प्रतिबिंबित करता है और दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही जनता-से-जनता की मजबूत संबंधों को रेखांकित करता है.