शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

भारत ने कहा-अपने अधिकार का प्रयोग किया

C

CG Khabar

07 मई 2025, 06:08 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पाकिस्तान पर हमला
पाकिस्तान पर हमला

नई दिल्ली | डेस्क: पाकिस्तान में किए गए हमलों के बाद भारत के विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि भारत ने सीमा पार से हो रहे हमलों का जवाब देने और इनका प्रतिरोध करने के अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर और पाकिस्तान के 'आतंकी ढाँचों' पर हमला किया है.


एक प्रेस कांफ्रेंस में विक्रम मिसरी ने कहा- "भारत की कार्रवाई केंद्रित, नपी-तुली और गैर-बढ़ावा देने वाली रही है." 


उन्होंने कहा कि पहलगाम का हमला अत्यधिक बर्बरतापूर्ण था. इस हमले का मक़सद जम्मू-कश्मीर में सामान्य होती स्थिति को बाधित करने के लिए किया गया था, इसे प्रतिकूल रूप से प्रभावित करना था.


उन्होंने कहा कि "मक़सद था इस संघ राज्य क्षेत्र में विकास को नुकसान पहुँचाकर इसे पिछड़ा बनाए रखा जाए. इसके अलावा देश में सांप्रदायिक दंगे भड़काने की कोशिश भी की गई थी."


मिसरी ने कहा कि पाकिस्तान ने 'आतंकवादियों के ढाँचे' को ख़त्म करने के लिए कोई क़दम नहीं उठाए.


इधर देर रात पाकिस्तान पर किए हमलों के दौरान ही भारतीय सेना ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ''पाकिस्तान ने एक बार फिर संघर्ष-विराम समझौते का उल्लंघन किया है. पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के "पुंछ-राजौरी क्षेत्र के भीमबर गली में गोलीबारी की है.भारतीय सेना उचित तरीके़ से इसका जवाब दे रही है."


पाकिस्तान ने कहा-हमला अनुचित


दूसरी ओर पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि भारत ने हमारी सीमा लांघी है.


तरार ने कहा कि यह हमला अनुचित है. यह पूरी तरह से बिना सोचे समझे किया गया आक्रमण है. हम निश्चित तौर पर जवाब देंगे. हमारी प्रतिक्रिया ज़मीन और हवा में जारी है.


अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से जब इस ऑपरेशन के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जवाब दिया, ''ये शर्मनाक है''


ट्रंप ने कहा, "हमने इसके बारे में अभी-अभी सुना, जब हम ओवल ऑफिस में प्रवेश कर ही रहे थे...मैं सिर्फ़ ये चाहता हूं कि यह बहुत जल्दी खत्म हो जाए."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP