बांग्लादेश में हिंदुओं पर हमलों पर भारत सख्त, कड़ी कार्रवाई की मांग
नई दिल्ली । डेस्क: भारत ने शुक्रवार को बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों, विशेष रूप से हिंदू समुदाय के खिलाफ हो रहे हमलों के "परेशान करने वाले और आवर्ती पैटर्न" पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए ढाका से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने नई दिल्ली में आयोजित साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग में कहा कि बांग्लादेश में चरमपंथियों द्वारा अल्पसंख्यकों के घरों, मंदिरों और उनके व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है.
जायसवाल ने इस बात पर भी जोर दिया कि ऐसी सांप्रदायिक घटनाओं को व्यक्तिगत रंजिश या राजनीतिक मतभेद बताकर कमतर आंकने की प्रवृत्ति देखी जा रही है, जो वास्तव में अपराधियों का मनोबल बढ़ाती है और अल्पसंख्यक समुदायों में असुरक्षा तथा भय की भावना को और गहरा करती है.
इसी ब्रीफिंग के दौरान भारत ने पाकिस्तान को भी कड़ा संदेश दिया, जिसने दिल्ली में एक अतिक्रमण विरोधी अभियान को लेकर भारत में मुस्लिम विरासत मिटाने के आरोप लगाए थे.
विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि पाकिस्तान को दूसरों पर टिप्पणी करने से पहले अपने देश में अल्पसंख्यकों की बदहाल स्थिति और अपने मानवाधिकार रिकॉर्ड पर नजर डालनी चाहिए.
इसके अतिरिक्त, बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुरू हो रही सीधी उड़ान सेवाओं के सवाल पर प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि भारत इस मामले को बांग्लादेश के साथ अपने मौजूदा हवाई सेवा समझौते के प्रावधानों के आधार पर ही देखेगा.