भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चौथे T20 में 48 रन से हराया
गोल्ड कोस्ट | डेस्क: गोल्ड कोस्ट में खेले गए चौथे टी-20 मुकाबले में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 48 रन से हराया. यह जीत भारत की टी-20 में ऑस्ट्रेलिया पर दूसरी सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत ने 2014 में मीरपुर में 73 रन से सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी.
यह मुकाबला खास इसलिए भी रहा क्योंकि यह भारत की ऑस्ट्रेलिया की जमीन पर अब तक की सबसे बड़ी जीत है. इससे पहले भारत ने 2016 में एडिलेड में 37 रन से जीत हासिल की थी.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 167 रन बनाए. टीम के लिए शुभमन गिल ने सर्वाधिक 46 रन की ठोस पारी खेली और अभिषेक शर्मा के साथ 56 रनों की ओपनिंग साझेदारी की. कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 20 रन और ऑलराउंडर शिवम दुबे ने 22 रन जोड़े.
ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन एलिस और एडम ज़म्पा ने 3-3 विकेट झटके, जबकि जैवियर बार्टलेट और मार्कस स्टोयनिस को 1-1 सफलता मिली.
168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 18.2 ओवर में सिर्फ 119 रन पर ढेर हो गई. भारत के स्पिनर वॉशिंगटन सुंदर ने घातक गेंदबाजी करते हुए सिर्फ 3 रन देकर 3 विकेट चटकाए. उनका साथ अक्षर पटेल और शिवम दुबे ने दिया, जिन्होंने 2-2 विकेट हासिल किए.
सुंदर की शानदार गेंदबाजी ने ऑस्ट्रेलिया की बल्लेबाजी क्रम को बुरी तरह हिला दिया और मैच भारत की झोली में डाल दिया. वॉशिंगटन सुंदर ने इस मैच में अपना एक खास माइलस्टोन पूरा किया. उन्होंने टी-20 इंटरनेशनल में 50 विकेट पूरे कर लिए. यह उपलब्धि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की पारी के 19वें ओवर में एडम ज़म्पा को आउट करके हासिल की.
जसप्रीत बुमराह ने भी इस मैच में अपना 99वां विकेट लिया. अब वे भारत के दूसरे सबसे सफल T20 गेंदबाज बन चुके हैं. उनसे आगे केवल अर्शदीप सिंह हैं, जिनके नाम 105 विकेट दर्ज हैं.
भारत ने इस जीत के साथ सीरीज में मजबूत बढ़त बना ली है और टीम के आत्मविश्वास में जबरदस्त इजाफा हुआ है. अब नजरें आखिरी मुकाबले पर होंगी, जहां भारत सीरीज को स्टाइल में खत्म करने की कोशिश करेगा.