छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा
छत्तीसगढ़ में 5 से 9 नवंबर के बीच शराब की बिक्री में 7.8 प्रतिशत का उछाल आया है, जिससे राज्य सरकार को 54 करोड़ 60 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ है.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के आबकारी विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 5 से 9 नवंबर की अवधि के दौरान कुल 54 करोड़ 60 लाख 76 हजार 510 रुपये की शराब की खपत दर्ज की गई है. इस दौरान विदेशी स्पिरिट का कुल बिक्री में सबसे बड़ा हिस्सा रहा, जिससे 29.66 करोड़ रुपये की कमाई हुई.
इसके अलावा देसी शराब से लगभग 19.55 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ, जबकि माल्ट श्रेणी की शराब का योगदान करीब 5.38 करोड़ रुपये का रहा.
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि शुरुआती दिन गिरावट के बाद अगले चार दिनों में मांग लगातार बढ़ती चली गई.
पहले दिन यानी 5 नवंबर को 8.98 करोड़ रुपये की बिक्री हुई, जो बीते वर्ष के मुकाबले 2.3 प्रतिशत कम थी. इसके बाद 6 नवंबर को 8.8 फीसदी और 7 नवंबर को 9.1 फीसदी की बढ़त देखी गई. 8 नवंबर को बिक्री में 9.8 प्रतिशत का इजाफा हुआ, वहीं 9 नवंबर को सबसे ज्यादा 12.3 फीसदी की तेजी दर्ज की गई, जिसने कुल आंकड़े में मुख्य उछाल लाया.
इस बार की कुल बिक्री पिछले साल की इसी समयावधि से 7.8 प्रतिशत अधिक है, जो रकम के मामले में लगभग 3 करोड़ 95 लाख रुपये की वृद्धि दर्शाती है. गौरतलब है कि बीते वर्ष इन्हीं पांच दिनों में आबकारी विभाग को 50 करोड़ 65 लाख 46 हजार 390 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था.