स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नई दिल्ली में आयोजित समारोह में छत्तीसगढ़ की तीन नगरीय निकायों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया.
रायपुर । संवाददाता: स्वच्छ भारत अभियान के तहत आयोजित 'स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26' में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्टता साबित की है. भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित इस सर्वेक्षण के तहत नई दिल्ली के विज्ञान भवन में एक भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया.
इस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने छत्तीसगढ़ की तीन नगरीय निकायों—रायपुर नगर निगम, बिलासपुर नगर निगम और बिल्हा नगर पंचायत को उनकी अनुकरणीय उपलब्धियों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया.
इस सर्वेक्षण में बिलासपुर जिले की बिल्हा नगर पंचायत ने 20,000 से कम जनसंख्या वाली श्रेणी में देश भर में प्रथम स्थान प्राप्त कर राज्य का मान बढ़ाया.
इसके साथ ही, बिलासपुर शहर ने 'स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन' श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि रायपुर नगर निगम को स्वच्छता के लिए राज्य स्तरीय प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया.
राज्य की ओर से उप मुख्यमंत्री अरुण साव और प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने संबंधित निकायों के महापौरों और आयुक्तों के साथ राष्ट्रपति के हाथों यह पुरस्कार प्राप्त किया. इस अवसर पर केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल तथा राज्य मंत्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर राज्य की जनता के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्वच्छता मित्रों को बधाई और शुभकामनाएं दीं. इस वर्ष के सर्वेक्षण का विषय "स्वच्छता के नए आयाम, मिलकर करें काम, स्वच्छता को दें नया नाम" था, जो स्वच्छता बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी पर जोर देता है.