जेल में इमरान खान की आंखों की रोशनी 85% घटी
जेल में इमरान खान की आंखों की रोशनी 85% घटी, SC ने दिए तत्काल इलाज के आदेश
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर एक चौंकाने वाली रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि जेल में उचित चिकित्सा न मिलने के कारण उनकी दाईं आंख की रोशनी 85 प्रतिशत तक खत्म हो गई है. सुप्रीम कोर्ट द्वारा नियुक्त न्याय मित्र (एमिकस क्यूरी) बैरिस्टर सलमान सफदर ने 10 फरवरी को अदियाला जेल में खान से मुलाकात के बाद यह खुलासा किया.
बैरिस्टर सलमान सफदर की सात पन्नों की रिपोर्ट के अनुसार, 73 वर्षीय खान पिछले तीन महीनों से धुंधला दिखने की शिकायत कर रहे थे, लेकिन जेल अधिकारियों ने इसे नजरअंदाज किया, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें 'सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन' (आंख में खून का थक्का जमना) की गंभीर समस्या हो गई है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि इमरान खान फिलहाल एकांत कारावास में हैं और उनकी स्थिति काफी चिंताजनक है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायाधीश याह्या अफरीदी ने इसे मानवाधिकारों का उल्लंघन माना और तत्काल एक मेडिकल बोर्ड गठित करने का आदेश दिया है.
अदालत ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि 16 फरवरी से पहले इमरान खान की आंखों का विशेषज्ञ डॉक्टरों से परीक्षण कराया जाए और उन्हें उनके बेटों से फोन पर बात करने की अनुमति दी जाए.
पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने इस स्थिति की कड़ी निंदा करते हुए इसे राजनीतिक प्रतिशोध बताया है और मांग की है कि खान को उनके निजी डॉक्टरों से इलाज कराने की अनुमति दी जाए.