राहुल गांधी के धरने का असर: जंतर-मंतर पेलेट चोट मामले में दर्ज होगी FIR
नई दिल्ली । डेस्क: दिल्ली के जंतर-मंतर पर बीते 20 जुलाई को नीट पेपर लीक और परीक्षा में धांधली के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी के नेतृत्व में प्रदर्शन के दौरान 19 वर्षीय छात्र साहिल लोचब गंभीर रूप से घायल हो गया था. साहिल की आंखों और पेट में पेलेट गन के छर्रे लगने से गंभीर चोटें आई थीं, जिसके बाद उसे एम्स ट्रॉमा सेंटर में सर्जरी करानी पड़ी थी.
इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को खुद पीड़ित छात्र साहिल लोचब के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे. जब पुलिस प्रशासन ने शुरुआत में मामला दर्ज करने की मांग स्वीकार नहीं की, तो राहुल गांधी ने सेंट्रल दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (DCP) सचिन शर्मा से मुलाकात की और फिर पुलिस स्टेशन के बाहर ही धरने पर बैठ गए.
इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए.
राहुल गांधी और कांग्रेस के भारी दबाव के बाद आधिकारिक पुलिस सूत्रों ने पुष्टि की है कि इस मामले में दिल्ली पुलिस FIR दर्ज करने जा रही है. हालांकि, आधिकारिक सूत्रों के अनुसार एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन पीड़ित छात्र को अभी तक इसकी प्रति प्राप्त नहीं हुई है.
कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस पर हमलावर हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब छात्र शांतिपूर्ण तरीके से पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर अपनी आवाज उठा रहे थे, तब उनकी आवाज को दबाने के लिए पुलिस ने अत्यधिक और बर्बर बल का प्रयोग किया.