सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

पश्चिम बंगाल में 'वंदे मातरम' गाना होगा: मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

C

CG Khabar

22 अग. 2026, 03:44 PM 2 मिनट में पढ़ें 3

सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने राष्ट्रवाद और देशप्रेम पर कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया है कि राज्य में रहने वाले हर व्यक्ति को 'वंदे मातरम' गाना होगा. उन्होंने साफ किया कि राष्ट्रवाद के मामले में सरकार किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी.


अपने निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में अन्नपूर्णा योजना के लाभार्थियों के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि उनकी सरकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों और दृष्टिकोण को पूरा करने के ध्येय से बनी है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पश्चिम बंगाल में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का सम्मान अनिवार्य रूप से कायम रखा जाएगा.

विज्ञापन


भाषण के दौरान मुख्यमंत्री ने जाधवपुर विश्वविद्यालय (JU) परिसर का जिक्र करते हुए वहां मौजूद कथित देशविरोधी तत्वों पर कड़ा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय परिसर में न तो राष्ट्रीय ध्वज फहराने दिया जाता है और न ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों को प्रवेश करने की अनुमति मिलती है. इतना ही नहीं, परिसर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी विरोध किया जाता है.


शुभेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया कि कुछ 'टुकड़े-टुकड़े गैंग' और जिहादी मानसिकता वाले लोग विश्वविद्यालय परिसर में वंदे मातरम गाने के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्वों के आयोजन का भी लगातार विरोध करते आ रहे हैं.


उन्होंने कहा कि मीडिया का एक वर्ग भले ही ऐसे असामाजिक और देशविरोधी तत्वों का समर्थन करे या उनके पक्ष में लिखे, लेकिन उनकी सरकार जाधवपुर विश्वविद्यालय परिसर के अंदर और बाहर राष्ट्रवाद की जड़ें मजबूत करके रहेगी. 


राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधते हुए उन्होंने वामपंथी नेताओं को 'लाल बाबू' कहकर संबोधित किया और कहा कि हालिया विधानसभा चुनावों में जनता ने वामपंथी उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त करा दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP