रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में होने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के बीच आए दिन शराब जब्त होने की लगातार खबरें आ रही हैं.
चुनाव के लिए यहां पड़ोसी राज्यों से भी अवैध तरीके से शराब लाई जा रही है.
लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग ने इनके मनसूबे पर पानी फेरते हुए अब तक करीब 1.38 करोड़ की शराब पकड़ी है.
शनिवार को दुर्ग कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष के फॉर्म हाउस से 500 पेटी शराब जब्त की गई.
जिसकी कीमत 31 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है. इससे पहले बेमेतरा और सिमगा से शराब जब्त की गई थी.
दरअसल, छत्तीसगढ़ में 11 फरवरी को नगरीय निकाय के लिए वोटिंग होनी है. इसके लिए अब सिर्फ दो दिनों का समय शेष है.
इसके ठीक बाद पंचायत चुनाव है. पंचायत चुनाव तीन चरणों में 17, 20 और 23 फरवरी को होगा.
दोनों चुनावों में वोटिंग से पहले मतदाताओं को शराब बांटने की पूरी तैयारी की जा रही है. इसके लिए शराब का खेप मंगाया जा रहा है.
पाटन में कांग्रेस नेता के फार्म हाउस से शराब जब्त
शनिवार को दुर्ग जिले में कांग्रेस कमेटी के ब्लॉक अध्यक्ष महेंद्र वर्मा के फार्म हाउस से अवैध शराब पकड़ाई है.
कांग्रेस नेता के फुण्डा स्थित फॉर्म हाउस के करीब 500 पेटी शराब जब्त की गई. जिसकी कीमत 31 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है.
यहां एएसपी अभिषेक झा के नेतृत्व में दुर्ग पुलिस के क्राइम ब्रांच और एटीएस की टीम ने कार्रवाई की.
बताया गया कि शराब जब्ती के बाद से ब्लॉक अध्यक्ष महेन्द्र वर्मा फरार हैं. पुलिस उसकी तलाश कर रही है.
सांसद बघेल ने साधा कांग्रेस पर निशाना
इस मामले में दुर्ग सांसद विजय बघेल ने पूर्व की कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेसी कहां-कहां शराब छुपा कर रखे हुए हैं.
यह सब कांग्रेस सरकार के समय जो शराब घोटाला हुआ है उसका असर अब दिख रहा है.
यह पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का विधानसभा है. पाटन के और कई गांवों में शराब छुपाकर रखे होंगे.
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव के समय लाई गई शराब को निगम और पंचायत चुनाव में खपाने के लिए निकाल रहे हैं.
पुलिस प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए और भी छानबीन करने की आवश्यकता है.
यह भाजपा का षड़यंत्र- भूपेश
पूर्व सीएम भूपेश बघेल के विधानसभा क्षेत्र से शराब जब्त होने पर उन्होंने उसे भाजपा का षड़यंत्र बताया है.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने खुद फार्म हाउस खुलवाया. उसके बाद दरवाजा खोलकर ट्रक को अंदर भिजवाया.
पुलिस वालों ने ही ट्रक से शराब को खाली किया है.
उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय और भाजपा डर गई है, इसलिए षड़यंत्र पूर्वक हमारे लोगों को फंसाने के लिए ऐसा काम किया जा रहा है.
यहां तो पुलिस वाले ही चुनाव लड़ रहे हैं, ऐसी स्थिति है.
बेमेतरा में 780 पेटी शराब जब्त
इससे पहले बेमेतरा जिले में आबकारी विभाग की टीम ने 780 पेटी शराब जब्त की थी.
यह शराब मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी. शराब के इस खेप में 39 हजार बोतलें मिली हैं.
इसकी बाजार कीमत करीब 50 लाख 70 हजार रुपए बताई जा रही है.
शराब पहुंचाने के लिए मध्यप्रदेश के नंबर प्लेट वाले कंटेनर ट्रक का उपयोग किया जा रहा था.
गाड़ी को भी आबकारी अफसरों ने जब्त कर लिया है.
साथ ही पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर के रहने वाले ईशाक शाह, फैजान हुसैन को गिरफ्तार किया है.
सिमगा में 700 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त
इसी तरह कबीरधाम जिले के आबकारी विभाग की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की.
आबकारी टीम ने सिमगा में 700 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की.
इसकी अनुमानित कीमत करीब 50-56 लाख रुपए है. इसे रायपुर में खपाने की तैयारी थी.
कवर्धा आबकारी विभाग की टीम को मुखबिर से शराब तस्करी की सूचना मिली थी.
इसके बाद टीम ने कंटेनर का पता लगाया. गाड़ी को पकड़ने ले लिए रायपुर, बलौदाबाजार और कवर्धा के अफसरों का भी सहयोग लिया गया था.
करीब 70 किलोमीटर से कंटेनर का पीछा कर सिमगा में रोका गया. कंटेनर में शराब की पेटियां भरी हुई थी.
जब्त ट्रक पश्चिम बंगाल की इंटरेक्टिव सॉल्यूशन कंपनी के नाम पर रजिस्टर्ड है.
खैरागढ़ में चांदी की पायल जब्त
इसी तरह खैरागढ़ में 34 किलो की चांदी के पायलों को बिना वैध दस्तावेजों के पकड़ा गया.
साथ ही पायल ला रहे युवक को भी गिरफ्तार किया गया है.
युवक के पास से 177 जोड़ी पायल बरामद की गई है, जिसकी कीमत 35 लाख रुपए आंकी गई है.
इसे स्कार्पियो वाहन से मध्य प्रदेश के सागर से रायपुर पहुंचाया जा रहा था.
चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक एमपी पासिंग स्कॉर्पियो को रोका.
वाहन की जांच की तो डिग्गी में रखे बैग के अंदर आठ अलग-अलग पॉलीथिन में चांदी के पायल रखे हुए थे.