हॉलीवुड: ‘द लायन किंग’ की अभिनेत्री इमानी की हत्या
न्यूजर्सी । डेस्क: हॉलीवुड से एक बार फिर दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. मशहूर फिल्म ‘द लायन किंग’ में ‘यंग नाला’ के किरदार से पहचान बनाने वाली अभिनेत्री इमानी दिया स्मिथ की न्यू जर्सी स्थित उनके घर से संदिग्ध हालत में शव बरामद हुआ है. 25 वर्षीय अभिनेत्री को गंभीर रूप से घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पुलिस के अनुसार, इमानी पर किसी धारदार हथियार से कई बार हमला किया गया था. इस मामले में अभिनेत्री के प्रेमी जॉर्डन डी जैक्सन को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस घटना की गहन जांच कर रही है.
इमानी अपने माता-पिता, भाई-बहनों और तीन साल के बेटे के साथ रहती थीं. उनके निधन के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. अभिनेत्री की काकी ने एक वेबसाइट पर इमानी के अंतिम संस्कार और परिवार की भविष्य की जरूरतों के लिए धन संग्रह की अपील की है. उन्होंने बताया कि इस फंड का उपयोग इमानी के छोटे बेटे और पालतू कुत्ते की देखभाल के लिए भी किया जाएगा.
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इमानी एक बेहद प्रतिभाशाली और उज्ज्वल कलाकार थीं. डिज़्नी की ‘द लायन किंग’ में उनके अभिनय को दुनिया भर में सराहा गया था. उनकी असामयिक मौत से न सिर्फ परिवार, बल्कि उनके प्रशंसक और फिल्म जगत भी शोक में डूबे हैं.