असम में फिर 'हेमंत राज': एनडीए के नेता चुने गए हेमंत विश्व शर्मा
गुवाहाटी । डेस्क: असम में एक बार फिर हेमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है. रविवार को असम विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए (NDA) गठबंधन के विधायक दल की बैठक में आधिकारिक तौर पर हेमंत विश्व शर्मा को नेता चुना गया.
इसके तुरंत बाद, हेमंत विश्व शर्मा ने लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया. जानकारी के मुताबिक, वह आगामी मंगलवार को असम के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेंगे. इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है.
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद हेमंतविश्व शर्मा ने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के अखिल भारतीय अध्यक्ष नितिन नबीन का आभार व्यक्त किया. उन्होंने संकल्प जताया कि उनकी सरकार अगले पांच वर्षों में असम के विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगी.
गौरतलब है कि 2026 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अपने दम पर 82 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत हासिल किया है, जबकि एनडीए गठबंधन कुल 102 सीटों पर विजयी रहा है. असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों की आवश्यकता थी.
भाजपा ने इस चुनाव में असम गण परिषद (एजीपी) और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट (बीपीएफ) जैसे पुराने सहयोगियों के साथ मिलकर शानदार जीत दर्ज की है. जहां 2021 में भाजपा ने सर्वानंद सोनोवाल की जगह हिमंत विश्व शर्मा को कमान सौंपी थी, वहीं इस बार पार्टी ने फिर से हिमंत के नेतृत्व पर ही भरोसा जताया है.