हाईवे: ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार, 19 वर्षीय युवक की मौत
अंबिकापुर । संवाददाता: तेज बारिश और खराब दृश्यता के चलते अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. भिट्टीकला के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से तेज गति में आ रही स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
इस दुर्घटना में कार सवार 19 साल के एक युवक की जान चली गई, जबकि वाहन चला रहा युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान अमगसी निवासी तेजपाल (19 वर्ष) के रूप में हुई है. वह मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अपने घर से लखनपुर जाने के लिए निकला था. वहां उसकी मुलाकात नरकालो के रहने वाले दीपक सोनी से हुई. इसके बाद दोनों किसी काम से कार द्वारा अंबिकापुर गए थे.
देर रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच जब वे अंबिकापुर से वापस लखनपुर की ओर लौट रहे थे, तभी भिट्टीकला के पास उनकी कार (CG 04 QS 4079) हादसे का शिकार हो गई.
हादसे की मुख्य वजह रात में हो रही मूसलाधार बारिश को माना जा रहा है. कयास लगाए जा रहे हैं कि भारी बारिश के कारण सामने की दृश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक किनारे खड़े ट्रक को समय पर नहीं देख पाया.
घटना के तुरंत बाद घायल ड्राइवर दीपक सोनी किसी तरह कार से बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिसे इलाज के लिए नजदीक के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, तेजपाल अंदर ही बुरी तरह फंस गया था.
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना प्रभारी सीपी तिवारी अपनी टीम के साथ फौरन मौके पर पहुंचे. भारी बारिश के बीच पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार का दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला और तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मणिपुर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच कर रही है. इस अकाल मौत से युवक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.