शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायपुर एयरपोर्ट पर हाई अलर्ट: कोरोना से भी खतरनाक वायरस का खतरा!

C

CG Khabar

28 मई 2026, 01:11 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

रायपुर एयरपोर्ट
रायपुर एयरपोर्ट

रायपुर । संवाददाता: दुनिया भर में पैर पसार रहे जानलेवा इबोला वायरस को लेकर छत्तीसगढ़ सरकार पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गई है. स्वास्थ्य विभाग ने रायपुर एयरपोर्ट पर आपातकालीन चेतावनी जारी करते हुए वहां एक नोडल अधिकारी तैनात करने का सख्त आदेश दिया है. 


एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (IDSP) के तहत स्वास्थ्य सेवा निदेशालय द्वारा जारी इस आदेश के बाद रायपुर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) को तुरंत एयरपोर्ट पर इबोला निगरानी और सुरक्षा इंतजाम संभालने के लिए टीम तैनात करने को कहा गया है.


यह नोडल अधिकारी एयरपोर्ट पर आने वाले हर यात्री की कड़ी हेल्थ स्क्रीनिंग करेगा, संदिग्ध मरीजों की पहचान करेगा और उन्हें तुरंत आइसोलेट (क्वारंटाइन) कर आपातकालीन मेडिकल रिस्पॉन्स टीम को सौंपेगा. 


हालांकि, छत्तीसगढ़ में अभी तक इबोला का कोई मामला सामने नहीं आया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की आवाजाही को देखते हुए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती.


आपको बता दें कि इबोला दुनिया की सबसे घातक और जानलेवा बीमारियों में से एक है, जिसमें मृत्यु दर बेहद खतरनाक स्तर पर होती है. यह वायरस संक्रमित व्यक्ति या चमगादड़ और बंदरों जैसे जानवरों के खून और शरीर के तरल पदार्थों के सीधे संपर्क में आने से फैलता है, हालांकि यह हवा या पानी से नहीं फैलता. 


इसके लक्षण संक्रमण के 2 से 21 दिनों के भीतर सामने आते हैं, जिसमें अचानक तेज बुखार, कमजोरी, सिरदर्द और गले में खराश जैसी दिक्कतें होती हैं, जो बाद में जानलेवा रूप ले लेती हैं. इसी खतरे को देखते हुए एयरपोर्ट सुरक्षा टीमों को ऐसे यात्रियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया है जो प्रभावित देशों से लौट रहे हैं या जिनमें इसके लक्षण दिख रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP