उत्तर पुस्तिकाओं में 'हनुमान चालीसा' और शादी की दुहाई
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की बोर्ड परीक्षाओं के मूल्यांकन के दौरान एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. परीक्षा केंद्रों से आई उत्तर पुस्तिकाओं में छात्र शैक्षणिक उत्तर लिखने के बजाय परीक्षकों से भावनात्मक अपील कर रहे हैं.
मूल्यांकनकर्ताओं के तब होश उड़ गए जब उन्होंने कॉपियों में सवालों के जवाब की जगह प्रार्थनाएं, निजी समस्याएं और यहां तक कि पूरा 'हनुमान चालीसा' लिखा हुआ पाया. एक छात्र ने तो अपनी शादी का हवाला देते हुए पास होने के लिए 33 अंकों की 'भीख' तक मांग ली है.
अब तक हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी की लगभग 2,66,000 से अधिक कॉपियों की जांच पूरी हो चुकी है.
हालांकि ऐसे मामलों की संख्या कुल 5.69 लाख परीक्षार्थियों की तुलना में कम है, लेकिन इन अजीबोगरीब अपीलों ने शिक्षकों का ध्यान खींचा है.
कुछ छात्रों ने नीट (NEET) जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और पारिवारिक आर्थिक तंगी को पढ़ाई न कर पाने का कारण बताया है.
बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि परिणाम घोषित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है, लेकिन इस तरह की भावनात्मक कोशिशें मूल्यांकन के नियमों को प्रभावित नहीं करेंगी. इस साल की परीक्षा में लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या अधिक रही है, जो राज्य में महिला शिक्षा के बढ़ते स्तर को दर्शाता है.