शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

गुरुग्राम: डॉक्टर पति ने पत्नी को जहरीला इंजेक्शन देकर मारा

C

CG Khabar

22 मार्च 2026, 02:06 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

अरुण शर्मा -काजल शर्मा
अरुण शर्मा -काजल शर्मा

गुरुग्राम । डेस्क: हरियाणा के गुरुग्राम में एक रेडियोलॉजिस्ट पति ने अपनी ही पत्नी की कथित तौर पर जहरीला इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी. आरोपी की पहचान 26 वर्षीय अरुण शर्मा के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया. 


उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का रहने वाला अरुण एक अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट था, जहाँ उसकी मुलाकात 23 वर्षीय नर्स काजल से हुई थी. करीब दो साल के प्रेम प्रसंग के बाद दोनों ने पिछले साल नवंबर में शादी की थी.


काजल के परिवार का आरोप है कि अरुण नशे का आदी था और अपनी लत पूरी करने के लिए अक्सर काजल से पैसों की मांग करता था. 


हाल ही में नौकरी छोड़ने के बाद उसका दबाव और बढ़ गया था, जिससे तंग आकर काजल अपने मायके चली गई थी. 


मंगलवार रात अरुण वहां भी पहुँच गया और उनके बीच झगड़ा हुआ. अगली सुबह काजल कमरे में मृत मिली और उसके मुंह से खून निकल रहा था. 


पुलिस को घर के शौचालय से एक सिरिंज बरामद हुई है. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने काजल को ड्रग का इंजेक्शन लगाया था. 


पुलिस के अनुसार, यह दहेज हत्या का मामला भी हो सकता है, हालांकि कुछ कयास यह भी हैं कि वह केवल उसे बेहोश कर पैसे चोरी करना चाहता था, लेकिन ओवरडोज के कारण उसकी मौत हो गई. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP