गुरुग्राम: छत्तीसगढ़ के इंजीनियर ने प्रेमिका की हत्या कर आत्महत्या की
गुरुग्राम । डेस्क: गुरुग्राम के सेक्टर-55 इलाके में छत्तीसगढ़ के रहने वाले एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने कथित तौर पर अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. युवती का शव युवक के किराए के कमरे में खून से लथपथ मिला, जबकि युवक का शव रेलवे ट्रैक से बरामद किया गया.
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय श्रेष्ठ मलिक (निवासी भिलाई, छत्तीसगढ़) और 25 वर्षीय इशारा आयूबी (निवासी सीतापुर, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है. दोनों गुरुग्राम की एक ही निजी कंपनी में काम करते थे और घटना से महज तीन दिन पहले ही इशारा, श्रेष्ठ के साथ इस पीजी आवास में रहने आई थी.
इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब इशारा आयूबी के परिवार वाले लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं मिल रहा था. इसके बाद जब परिजनों ने उसके दफ्तर में संपर्क किया, तो पता चला कि वह काम पर भी नहीं आई है. अनहोनी की आशंका को देखते हुए परिवार ने पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इशारा के मोबाइल फोन को ट्रैक किया, जिसकी लोकेशन सेक्टर-55 स्थित श्रेष्ठ मलिक के पीजी कमरे की मिली. पुलिस जब वहां पहुंची तो कमरे पर बाहर से ताला लटका हुआ था.
पुलिस ने जब ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, तो फर्श पर इशारा का खून से लथपथ शव पड़ा था. उसके गले पर किसी धारदार हथियार से कई वार किए गए थे. जांच में सामने आया कि यह कमरा श्रेष्ठ मलिक ने किराए पर लिया था.
इसी दौरान, जांच कर रही पुलिस टीम को रेलवे पुलिस (GRP) से सूचना मिली कि गढ़ी रेलवे स्टेशन के पास एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी है, और उसका शव पटरी पर दो हिस्सों में कटा हुआ मिला है. जब दोनों मामलों की कड़ियों को जोड़ा गया, तो मृतक की पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई.
सेक्टर-56 के थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है. दोनों के बीच किस तरह के संबंध थे और इस आत्मघाती कदम के पीछे क्या वजह थी, इसका सटीक खुलासा पूरी तफ्तीश के बाद ही हो पाएगा.
पुलिस फिलहाल दोनों के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल्स, चैट और अन्य तकनीकी सबूतों को खंगाल रही है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं.