GST 2.0 से per capita मात्र 115 रुपये का लाभ- भूपेश बघेल
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र सरकार की जीएसटी नीति पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने जीएसटी के नए स्लैब को लेकर केंद्र सरकार की मंशा पर सवाल उठाए और इसे जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास बताया.
बघेल ने कहा कि जीएसटी में बदलाव का ढोल पीटकर सरकार केवल दिखावा कर रही है, जबकि इसका आम लोगों को कोई बड़ा फायदा नहीं होने वाला.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा हाल ही में जीएसटी सुधारों से ढाई लाख करोड़ रुपये की बचत के दावे पर भी बघेल ने सवाल खड़े किए. उन्होंने गणना करते हुए कहा कि अगर इस राशि को देश की 140 करोड़ आबादी में बांटा जाए, तो प्रत्येक व्यक्ति को हर महीने केवल 115 रुपये का फायदा होगा.
बघेल ने तंज कसते हुए कहा, "इतनी मामूली राशि से कोई क्या करेगा? सरकार इसे लेकर इतना शोर क्यों मचा रही है?"
बघेल ने कहा कि जीएसटी को लागू हुए आठ साल बीत चुके हैं, और इसे लागू करने वाली भाजपा सरकार ने इसे जनता पर बोझ बढ़ाने का जरिया बनाया.
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस बयान का जिक्र किया, जिसमें जीएसटी को 'गब्बर सिंह टैक्स' कहा गया था.
बघेल ने आरोप लगाया कि यह कर व्यवस्था शुरू से ही जनता के हित में कम और लूट की मंशा से ज्यादा बनाई गई थी.
छत्तीसगढ़ में सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर भी बघेल ने सवाल उठाए. उन्होंने दावा किया कि सरकार 80 हजार रुपये की लागत वाले सोलर पैनल को 2 लाख रुपये में दे रही है.
उन्होंने सुझाव दिया कि अगर सरकार वास्तव में जनता का भला चाहती है, तो लोगों को अपनी पसंद के सोलर पैनल लगाने की छूट देनी चाहिए और प्रमाणन के बाद 80 हजार रुपये उनके खाते में डालने चाहिए.
बघेल ने कहा, "लेकिन सरकार ऐसा नहीं करेगी, क्योंकि उसका मकसद जनता को राहत देना नहीं, बल्कि लूटना है."