'पेपर लीक' रोकने में नाकाम सरकार- राहुल गांधी
नई दिल्ली । डेस्क: नीट परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के खिलाफ देशभर में छात्रों का प्रदर्शन जारी है. इस बीच, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए.
उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के विरोध प्रदर्शन को दबाने के लिए कड़े प्रतिबंध लगा रही है, लेकिन परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक को रोकने में पूरी तरह विफल रही है.
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए. राहुल गांधी ने ट्वीट किया है-
"मेट्रो बंद करो.
रास्ते बंद करो.
दुकानें बंद करो.
Internet बंद करो.
खाना बंद करो.
अपना हक़ मांग रहे छात्रों के ख़िलाफ़ सरकार ने ये क्रूर कदम उठाए.
बस एक चीज़ बंद नहीं कर पाए, मोदी जी - पेपर लीक."
उन्होंने लिखा कि छात्रों के जायज अधिकारों की मांग को दबाने के लिए मेट्रो, सड़कें, दुकानें, इंटरनेट और यहां तक कि भोजन की आपूर्ति तक बंद कर दी गई. उन्होंने सीधे प्रधानमंत्री मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि तमाम कठोर कदम उठाने के बावजूद सरकार केवल एक चीज नहीं रोक पाई और वह है 'पेपर लीक'.
देशभर में नीट परीक्षा की अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस समर्थित संगठनों और छात्रों का आंदोलन लगातार तेज हो रहा है.
कांग्रेस पार्टी लगातार इस मुद्दे पर भाजपा नीत केंद्र सरकार को घेर रही है और जवाबदेही तय करने की मांग कर रही है. विपक्षी पार्टी का आरोप है कि सरकार की इस लापरवाही से लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है.