सोने की कीमतें बढ़ी साथ ही सिक्कों-बिस्कुट की मांग बढ़ी
कोलकाता । डेस्क: वैश्विक भू-राजनीतिक अस्थिरता और अमेरिका की शुल्क नीति के कारण पिछले सप्ताह सोने की कीमतों ने रिकॉर्ड बनाया. कोलकाता में ही 10 ग्राम सोने की कीमत एक लाख रुपये को पार कर गई है. आमतौर पर कीमत बढ़ने से सोने की बिक्री में कमी आती है, लेकिन वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल की हालिया रिपोर्ट के अनुसार, इस साल अप्रैल से जून तक के तीन महीनों में भारत में आभूषण के रूप में 88.8 टन सोने की बिक्री हुई.
पिछले साल (2024) की समान अवधि में यह आंकड़ा 106.5 टन था, यानी आभूषणों की बिक्री में 17.7 टन की कमी आई.
हालांकि, कीमतों में वृद्धि के बावजूद निवेश के लिए सोने के सिक्कों और बिस्कुट की मांग में इजाफा हुआ है.
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, पिछले साल अप्रैल से जून तक निवेश के लिए 43.1 टन सोने की बिक्री हुई थी, जो इस बार बढ़कर 46.1 टन हो गई.
विशेषज्ञों का मानना है कि सोने की कीमतों में लगातार वृद्धि की उम्मीद के कारण निवेश के रूप में सोने की खरीदारी बढ़ रही है. फिर भी, काउंसिल का डेटा यह स्पष्ट करता है कि भारत में सोने की मांग का मुख्य केंद्र आभूषण ही हैं.
अप्रैल से जून तक के तीन महीनों में भारत में कुल 134.9 टन सोने की बिक्री हुई, जिसका भारतीय मुद्रा में मूल्य 1 लाख 21 हजार 800 करोड़ रुपये रहा.
पिछले साल की तुलना में सोने की कीमतों में भारी वृद्धि के कारण, भले ही वजन के हिसाब से बिक्री में 10 प्रतिशत की कमी आई, लेकिन मूल्य के हिसाब से यह 30 प्रतिशत बढ़ गई.
इसका कारण यह है कि पिछले साल की समान अवधि में 10 ग्राम सोने की औसत कीमत 62,700 रुपये थी, जो इस बार बढ़कर 90,300 रुपये से अधिक हो गई.
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल का दावा है कि कीमतों में वृद्धि के बावजूद त्योहारी सीजन में सोने की मांग बढ़ेगी. वे उम्मीद करते हैं कि इस साल दिसंबर तक कुल मांग 700 टन तक पहुंच सकती है.