गाजा: इज़राइली हमलों में 3 पत्रकारों सहित 11 फ़िलिस्तीनी मारे गए
गाजा । डेस्क: गाजा पट्टी में बुधवार तड़के हुए इज़राइली हमलों में कम से कम 11 फ़िलिस्तीनी मारे गए हैं, जिनमें दो बच्चे और 3 पत्रकार शामिल हैं. गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन हमलों में 6 अन्य लोग घायल भी हुए हैं.
स्वास्थ्य मंत्रालय के महानिदेशक मुनीर अल-बुर्श ने बताया कि मध्य गाजा के नेत्ज़ारिम कॉरिडोर के पास एक वाहन पर हुए हवाई हमले में मारे गए तीनों फोटो पत्रकार मिस्र की इजिप्शियन कमेटी फॉर गाजा रिलीफ के लिए काम कर रहे थे.
मृत पत्रकारों की पहचान अनस घुनैम, अब्दुल रऊफ शाथ और मोहम्मद क़ेश्ता के रूप में हुई है. वे क्षेत्र में हालात और एक नए विस्थापन शिविर की स्थिति को कव्हर कर रहे थे. इस हमले में एक अन्य व्यक्ति की भी मौत हुई.
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में सड़क किनारे जला हुआ वाहन और उससे उठता धुआं देखा गया. समिति के प्रवक्ता मोहम्मद मंसूर ने कहा कि यह वाहन इज़राइली सेना को पहले से पहचाना हुआ था.
एक अन्य हमले में मध्य गाजा के दीर अल-बलाह में एक ही परिवार के तीन सदस्य जिसमें एक बच्चा भी शामिल है मारे गए.
दक्षिणी गाजा में बनी सुहैला कस्बे के पास लकड़ी इकट्ठा कर रहे 13 वर्षीय बच्चे को गोली मारकर हत्या कर दी गई. खान यूनिस क्षेत्र में एक 32 वर्षीय महिला की भी गोली लगने से मौत हो गई. उत्तरी गाजा में हुए अलग-अलग हमलों में दो और फ़िलिस्तीनी मारे गए.
फ़िलिस्तीनी अधिकारियों ने आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर से लागू अमेरिकी मध्यस्थता वाले संघर्ष विराम का इज़राइल बार-बार उल्लंघन कर रहा है. गाजा में भोजन, दवाइयों और आश्रय सामग्री की आपूर्ति पर कड़े प्रतिबंध जारी हैं, जिससे लगभग 22 लाख लोग गंभीर मानवीय संकट का सामना कर रहे हैं.