दिल्ली में पांच मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
नई दिल्ली । डेस्क: शनिवार शाम दक्षिण दिल्ली के साकेत मेट्रो स्टेशन के पास एक पांच मंजिला व्यावसायिक इमारत ताश के पत्तों की तरह ढह गई. इस हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विस और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया.
बताया जा रहा है कि इस पांच मंजिला इमारत के भूतल (ग्राउंड फ्लोर) पर एक कोचिंग इंस्टीट्यूट संचालित हो रहा था, जबकि ऊपरी मंजिलों पर निर्माण कार्य चल रहा था. चूंकि शनिवार की शाम का समय था, इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मलबे में फंसे लोग छात्र हो सकते हैं.
स्थानीय निवासियों के अनुसार, मलबे से अब तक तीन से चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है, जिन्हें मामूली चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया गया है.
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह पूरी तरह से ग्लास-फैसेड वाली कमर्शियल बिल्डिंग थी, जिसमें सामान्य दिनों में करीब 300 से 400 लोग मौजूद रहते थे. हालांकि, हादसा शाम के समय हुआ, जिससे एक बड़ी जनहानि टलने की उम्मीद जताई जा रही है. अगर यह हादसा आम कामकाजी घंटों के दौरान होता, तो स्थिति और भी भयानक हो सकती थी.
दिल्ली फायर सर्विस को इस हादसे की सूचना शाम 7:44 बजे मिली, जिसके बाद तुरंत सात दमकल वाहनों को साकेत मेट्रो स्टेशन के पास सैदुलाजाब की वेस्टर्न मार्ग पर भेजा गया. संकरी गली और घनी आबादी वाला इलाका होने के कारण बचाव दल को शुरुआत में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा.
घटनास्थल पर चारों तरफ कंक्रीट, मुड़े हुए लोहे के सरिये और मलबे का ढेर देखा जा सकता है. स्थानीय लोग भी अपने मोबाइल की फ्लैशलाइट और टॉर्च लेकर बचाव कार्य में मदद करते नजर आए.
इस हादसे में मुख्य इमारत के बगल में स्थित एक छोटा मेस भी प्रभावित हुआ है, लेकिन वहां मौजूद लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. फिलहाल प्रशासन ने मलबे में दबे संभावित लोगों की सटीक संख्या की पुष्टि नहीं की है, और युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.