छत्तीसगढ़ के जेलों में हर माह 5 कैदियों की मौत
रायपुर । सीजीखबर डेस्क: छत्तीसगढ़ की जेलों में जनवरी 2024 से लेकर जून 2026 तक 154 कैदियों की मौतें हुई हैं. यह आंकड़ें अपने-आप में चौंकाने वाले हैं क्योंकि इसके अनुसार हर माह छत्तीसगढ़ की जेलों में औसतन 5 कैदियों की मौतें होती हैं. इसे इस तरह से भी देखा जा सकता है कि हर 6 दिन में औसतन 1 कैदी की मौत होती है.
छत्तीसगढ़ में इस समय 5 केन्द्रीय जेल, 20 जिला जेल तथा 8 उप जेल संचालित है.
भारत की जेलों में प्रतिमाह औसतन लगभग 175 से 180 कैदियों की मौत होती है. राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के आंकड़ों के अनुसार, जेल में हिरासत के दौरान होने वाली कुल मौतों का लगभग 90% प्राकृतिक कारणों (बीमारी और उम्र) से होता है, जबकि शेष 10% अप्राकृतिक मौतें (आत्महत्या, हत्या, आदि) होती हैं.
हालिया रिपोर्ट्स के अनुसार, देश भर की जेलों में प्रतिवर्ष लगभग 2,100 से लेकर 2,150 तक कैदियों की मौत दर्ज की जाती है.
बीमारियों और बुढ़ापे के कारण प्रतिवर्ष औसतन 1,850 से 1,900 कैदियों की जान जाती है.
आत्महत्या, दुर्घटना या अन्य कारणों से हर साल करीब 150 से 200 कैदी अपनी जान गंवाते हैं.