अनकापल्ली की पटाखा फैक्ट्री में आग, आठ की मौत
छत्तीसगढ़ आंध्रप्रदेश के अनकापल्ली जिले में पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट 8 मरे
अनकापल्ली | डेस्कः आंध्र प्रदेश के अनकापल्ली ज़िले में एक पटाखा फै़क्ट्री में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गई है.
इस घटना में मरने वालों के साथ ही कुछ लोगों के घायल होने की सूचना है.
पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाके के बाद आग ने भीषण रूप ले लिया.
जिसकी चपेट में वहां काम करने वाले श्रमिक आ गये. उन्हें वहां से निकलने का मौका ही नहीं मिला.
आंध्र प्रदेश की गृह मंत्री वी अनिथा ने कहा है कि इस घटना में 8 लोगों की मौत हुई है और कुछ घायल हुए हैं.
मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों के अनुसार कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गये हैं.
आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इस हादसे को लेकर जान गंवाने वाले व घायलों के प्रति दुख जताया है. सीएम ने अधिकारियों को घायलों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है.
नायडू ने आश्वासन दिया कि सरकार पीड़ितों के परिवारों के साथ है.
उन्होंने अधिकारियों को घटना की गहन जांच करने और उन्हें एक रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.
कहा जा रहा है कि घायल श्रमिकों में से दो की हालत गंभीर है.