रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा में प्रेम प्रसंग के चलते फाइनेंस कर्मचारी ने दी जान

C

CG Khabar

14 मई 2026, 03:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फांसी लगाकर आत्महत्या
फांसी लगाकर आत्महत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सीएसईबी चौकी क्षेत्र के 15 ब्लॉक में रहने वाले 27 वर्षीय युवक मनीष चंद्रा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. मनीष एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था. घटना सोमवार, 13 मई की बताई जा रही है. मामले का खुलासा तब हुआ जब काफी देर तक मनीष के कमरे का दरवाजा नहीं खुला, जिसके बाद उसके बड़े भाई ने दरवाजा तोड़कर भीतर प्रवेश किया. 


अंदर का नजारा देख परिजनों के होश उड़ गए; मनीष का शव पंखे से लटका हुआ मिला.

विज्ञापन


पुलिस को घटनास्थल से मनीष का मोबाइल बरामद हुआ है, जो जांच की दिशा में सबसे बड़ा सबूत माना जा रहा है. शुरुआत में मोबाइल लॉक होने के कारण पुलिस को परेशानी हुई, लेकिन परिजनों की मदद से मनीष की महिला मित्र से संपर्क कर पासवर्ड प्राप्त किया गया. 


मोबाइल खुलते ही पुलिस को मनीष द्वारा मौत से ठीक पहले रिकॉर्ड किया गया एक वीडियो और युवती के साथ की गई चैटिंग मिली है.


मृतक के भाई ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मनीष का राताखार क्षेत्र की रहने वाली एक युवती के साथ प्रेम संबंध था. भाई के अनुसार, उक्त युवती मनीष पर लगातार मानसिक दबाव बना रही थी. 


स्थिति यहाँ तक पहुँच गई थी कि मनीष अपनी और अपनी माँ के दस्तावेजों का उपयोग कर युवती के लिए ऑनलाइन शॉपिंग करता था और उसे महंगे सामान भेजता था. परिजनों का कहना है कि मनीष अक्सर रात भर युवती से फोन पर बात करता था और काफी परेशान रहता था.


मूल रूप से दीपका विजयनगर निवासी यह परिवार फिलहाल कोरबा के 15 ब्लॉक में रह रहा था. घटना के वक्त मनीष के माता-पिता विजयनगर में अपने निर्माणाधीन मकान के काम से गए हुए थे. 


सीएसईबी चौकी पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है. चौकी प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि मोबाइल को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जा रहा है और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की गहराई से तफ्तीश की जा रही है. मनीष अपने घर का कमाऊ सदस्य था, उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP