शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

FIFA वर्ल्ड कप का महासंग्राम 12 जून से शुरू

C

CG Khabar

10 जून 2026, 07:10 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

फीफा वर्ल्ड कप
फीफा वर्ल्ड कप

नई दिल्ली । डेस्क: फुटबॉल प्रेमियों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. आगामी 12 जून से फीफा वर्ल्ड कप का भव्य आगाज होने जा रहा है, जहां दुनिया भर के फैंस गोल, रोमांच और कड़े मुकाबलों के एक नए सफर में डूबने के लिए तैयार हैं. उत्तरी अमेरिका में फुटबॉल का खुमार सिर चढ़कर बोल रहा है और मेजबान शहरों ने खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ-साथ दुनिया भर से आने वाले प्रशंसकों के लिए पलकें बिछा दी हैं. कोलकाता के फुटबॉल दीवानों से लेकर मियामी की सड़कों तक, हर जगह बस इसी महाकुंभ की चर्चा है.


इस बार का वर्ल्ड कप कई मायनों में बेहद खास और ऐतिहासिक होने वाला है. टूर्नामेंट के इतिहास में पहली बार कुल 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिसके तहत अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको के विभिन्न शहरों में कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे. 


मैच न्यूयॉर्क, लॉस एंजिल्स, टोरंटो, वैंकूवर और मैक्सिको सिटी जैसे बड़े शहरों के आलीशान स्टेडियमों में आयोजित होंगे. 


फैंस की नजरें पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो, अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी, फ्रांस के कप्तान किलियन एम्बापे, इंग्लैंड के जूड बेलिंगहैम, स्पेन के लैमिन यमल और ब्राजील के विनीसियस जूनियर जैसे दिग्गज खिलाड़ियों पर टिकी होंगी, लेकिन यह मंच हमेशा से छुपे रुस्तम खिलाड़ियों और नई प्रतिभाओं के उभरने के लिए भी जाना जाता है.


भारतीय प्रशंसकों के लिए भी इस बार वर्ल्ड कप का रोमांच बेहद सुलभ होने जा रहा है. भारत में फुटबॉल प्रेमी ZEE5 ऐप पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग का आनंद ले सकते हैं. 


इसके अलावा, टेलीविजन दर्शकों के लिए 'Unite8 स्पोर्ट्स' नेटवर्क के पास इस टूर्नामेंट के विशेष प्रसारण अधिकार हैं, जहां मैचों को लाइव देखा जा सकेगा. समयानुसार भारत में इन मैचों का प्रसारण मुख्य रूप से देर रात और सुबह-सुबह किया जाएगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP