शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

उप्र में अब तक 94 की मौत, आज भी मौसम बरपाएगा कहर

C

CG Khabar

14 मई 2026, 06:23 AM 4 मिनट में पढ़ें 1

मौसम बरपाएगा कहर
मौसम बरपाएगा कहर

नई दिल्ली | डेस्क: देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज लगातार खतरनाक बना हुआ है. एक ओर उत्तर भारत भीषण गर्मी और हीटवेव की चपेट में है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं जानलेवा साबित हो रही हैं. मौसम विभाग ने गुरुवार और अगले दो दिनों के लिए कई राज्यों में अलर्ट जारी किया है. विशेषज्ञों का कहना है कि बदलते मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि तेज हवाएं, ओलावृष्टि और बिजली गिरने जैसी घटनाएं अचानक तबाही मचा सकती हैं. 


सबसे ज्यादा असर उत्तर प्रदेश में देखने को मिला है. बुधवार को प्रयागराज, अयोध्या, भदोही समेत 30 जिलों में आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई. राज्यभर में 94 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. प्रयागराज में 17 और भदोही में 16 लोगों की जान गई. कई जगह पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर पड़े और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचा. बरेली में तेज हवा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक टीनशेड समेत हवा में उड़ गया. प्रदेश के कई हिस्सों में 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं. 


भीषण गर्मी ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. बांदा में तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने गुरुवार को प्रदेश के 51 जिलों में तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान घरों में रहने और पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है. 


राजस्थान में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. जैसलमेर लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां तापमान 46.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. बीकानेर, जोधपुर, जैसलमेर और बाड़मेर में रेड अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे में तापमान और बढ़ सकता है. राज्य के 13 जिलों में हीटवेव की स्थिति बनी हुई है. दिन के साथ रातें भी गर्म हो रही हैं, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही. 


मध्य प्रदेश में भी हालात गंभीर बने हुए हैं. 25 से अधिक जिलों में हीटवेव का असर जारी है और यह स्थिति 18 मई तक बनी रह सकती है. खजुराहो में बुधवार को तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. इंदौर, उज्जैन, धार और रतलाम में ऑरेंज अलर्ट जारी है. मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में ‘वार्म नाइट’ की चेतावनी भी दी है, यानी रात में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहेगा. 


हरियाणा में भी गर्मी लगातार बढ़ रही है. पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. नारनौल 42.5 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म शहर रहा. राज्य में 17 मई से हीटवेव का यलो अलर्ट लागू रहेगा. 


पूर्वी भारत में मौसम का दूसरा रूप देखने को मिल रहा है. बिहार के पूर्णिया, कटिहार समेत सात जिलों में तेज बारिश और बिजली गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. झारखंड में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की संभावना जताई गई है. वहीं उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी है. 


राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में हीटवेव जारी रहने की संभावना है. झारखंड में तेज आंधी चल सकती है. बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, असम, मेघालय, केरल और कर्नाटक में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका है. 


पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम बदल सकता है. तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई गई है. जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा. 


मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान दोपहर में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पीते रहें और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों में खड़े न हों. किसान और ग्रामीण इलाकों के लोग विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं फसलों और जान-माल दोनों को नुकसान पहुंचा सकती हैं. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP